शहर में शनिवार को दिनदहाड़े अल्लापुर पुलिस चौकी के समीप फौजी की पत्नी से लूट हो गई। ई रिक्शा से उतरी महिला का चेन छीनकर बाइक सवार बदमाश भाग निकले। पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर घटना होने के बाद भी कोई पुलिस वाला नजर नहीं आया। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग भागकर पहुंचे। बदमाशों का बाइक से पीछा किया गया। लेकिन पक ड़ा नहीं जा सका। वहीं जार्जटाउन पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। लेकिन महिला ने अभी तक तहरीर नहीं दी।
भुलई का पूरा की रहने वाली निर्मला देवी के पति बीएसएफ जवान हैं। उनके एक रिश्तेदार अल्लापुर में रहते है। रिश्तेदार के घर गमी की सूचना पाकर वह उनके घर जा रही थी। अल्लापुर पुलिस चौकी के समीप जैसे ही ई रिक्शा से उतरीं, पीछे से एक बाइक पर दो बदमाश आए और निर्मला के गले में लटकती चेन छीनकर भाग निकले। अचानक हुई घटना के बाद निर्मला सहम गई। कुछ देर बाद शोर मचाया तो आसपास के लोग जुट गए। कंट्रोल रूम को छिनैती की सूचना दी गई। महिला बिना तहरीर दिए ही चली गईं।