इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के रजिस्ट्रार कर्नल हितेश लव को पद से हटाने की साजिश हो रही है और इसके लिए उनके खिलाफ अराजकतत्वों को सक्रिय कर दिया गया है। यह आरोप रजिस्ट्रार ने ही लगाए हैं। पिछले दिनों कुछ लोगों ने कार्यालय आकर रजिस्ट्रार को धमकी दी थी, जिसके बाद रजिस्ट्रार ने अपर महानिदेशक (एडीजी) को पत्र भेजकर कहा है कि उनके विरोध में खड़े कुछ लोग अपनी असफलता को देखते हुए उनकी हत्या कराने या शारीरिक क्षति पहुंचाने का प्रयास कर सकते हैं। रजिस्ट्रार ने एडीजी से अपने और परिवार के लिए सुरक्षा मांगी है।
सूत्रों के मुताबिक इविवि में सेना से रिटायर कर्नल हितेश लव के रजिस्ट्रार पद पर ज्वाइन करने के बाद एक गुट ने उन्हें पद से हटवाने के लिए मुहिम छेड़ दी है। गत 16 मई को रजिस्ट्रार के ऑफिस में जाकर कुछ अराजकतत्वों ने उन्हें धमकाया और नौकरी छोड़कर विश्वविद्यालय से चले जाने को कहा। सूत्रों का कहना है कि रजिस्ट्रार के खिलाफ यह पूरा घटनाक्रम तब शुरू हुआ, जब यूजीसी की कमेटी की परफॉर्मेंस ऑडिट रिपोर्ट इविवि को भेजी गई। रिपोर्ट में उस छोटी सी मंडली पर सवाल उठाए गए हैं, जिसे कुलपति ने तमाम अधिकार सौंप रखे हैं और यह मंडली अपने हिसाब से विश्वविद्यालय चला रही है।
चर्चा है कि इस मंडली में से किसी एक को रजिस्ट्रार के पद पर बैठाने की तैयारी चल रही है, लेकिन इसके लिए कर्नल हितेश लव को रजिस्ट्रार के पद से हटाना होगा। रजिस्ट्रार ने इसी साजिश की ओर इशारा करते हुए न केवल एडीजी, बल्कि आईजी, डीएम, कमिश्नर और एसएसपी को भी पत्र लिखा है। पिछले दिनों रजिस्ट्रार कार्यालय में जो हंगामा हुआ, उसके पीछे भी इसी मंडली का हाथ होने की चर्चा है। एडीजी को लिखे पत्र में रजिस्ट्रार ने साफ कहा है कि मामले की जांच कराई जाती है तो वह जांच अधिकारी को साजिश में शामिल लोगों का नाम बताने को तैयार हैं।
साढ़े छह माह पहले ही संभाला है कार्यभार
- कर्नल हितेश लव ने पिछले साल 30 अक्तूबर को इलाहाबाद विश्वविद्यालय में रजिस्ट्रार पद का कार्यभार संभाला। कर्नल हितेश सेना से रिटायर हैं और अपनी 35 वर्षों की सेवा के दौरान उन्होंने सभी सीमा क्षेत्रों में ड्यूटी की। वह रॉयल भूटान आर्मी के लिए आईएमटीआरएटी और आर्मी वॉर कॉलेज की जूनियर कमांड विंग में इंस्ट्रक्टर भी रह चुके हैं। उन्होंने वर्ष 1982 में बिहार रजिमेंट में कमीशन प्राप्त किया। वह आर्मी मुख्यालयों और 24 राष्ट्रीय लाइफल यूनिट में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। सेना के पूर्व अफसर और वर्तमान में इविवि के रजिस्ट्रार को मिली धमकी के बाद विश्वविद्यालय में माहौल गर्म है।
ज्वाइंट रजिस्ट्रार से भी हुई बदलसूकी
- इविवि के ज्वाइंट रजिस्ट्रार एके कनौजिया को भी कुछ अराजकतत्वों ने उनके कार्यालय में आकर धमकी दी और उनके साथ अभद्रता की। ज्वाइंट रजिस्ट्रार ने विश्वविद्यालय के संबंधित सुरक्षा अधिकारी को भी इसकी सूचना दी। हालांकि धमकी देने वाले विश्वविद्यालय से बेरोकटोक बाहर निकल गए और सुरक्षा गार्डों ने उन्हीं नहीं रोका। फिलहाल मामले की सूचना विश्वविद्यालय के कुलपति को दे दी गई है।
वर्जन
‘मामले की जानकारी मिली है। रजिस्ट्रार से प्राप्त शिकायत के आधार पर एसएसपी और संबंधित सीओ को निर्देश दिए गए हैं कि मामले को अपने स्तर से देखे।’
एसएन साबत, एडीजी