शिवकुटी इलाके में छात्रा के फेसबुक अकाउंट पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। विरोध करने पर युवक ने छात्रा को धमकी दी। शिवकुटी पुलिस आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट का मुकदमा लिखकर जांच में जुटी है।
शिवकुटी में रसूलाबाद कॉलोनी की रहने वाली छात्रा के फेसबुक अकाउंट पर कुछ दिनों से ठाकुर राजपूत नाम के फेसबुक अकाउंट से अश्लील पोस्ट की जा रही थी। पहले तो छात्रा ने गलती से आया पोस्ट जानकर नजरअंदाज किया। इसके बाद भी पोस्ट आते रहे। छात्रा ने फेसबुक पर ही दोबारा अश्लील पोस्ट न करने की हिदायत दी लेकिन इसके बाद भी आरोपी नहीं माना। वह लगातार छात्रा के फेसबुक पर गाली और अश्लील पोस्ट करता रहा। विरोध पर धमकी भी दी।
छात्रा के भाई की तहरीर पर आरोपी ठाकुर राजपूत के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। शातिर ने फेसबुक पर अपनी प्रोफाइल फोटो भी नहीं लगाई है। इससे आशंका है कि वह छात्रा को जानता है। पुलिस को शक है कि फेसबुक अकाउंट भी फर्जी नाम पर हो। इंस्पेक्टर शिवकुटी पान सिंह ने बताया कि मामला साइबर क्राइम का है। साइबर सेल की मदद से आरोपी को पकड़ा जाएगा।