सिविल लाइंस की एक ब्यूटीपार्लर चलाने वाली युवती का गला घोंटकर कर कत्ल कर दिया गया। फिर मामले को खुदकुशी का रूप देने के लिए उसके हाथ की नस काट दी। वाकया मंगलवार रात का है। किसी को शक न हो इसलिए खून से लथपथ युवती को लेकर प्रेमी बेली अस्पताल पहुंचा था। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। संदिग्ध मामला देख डॉक्टरों ने सूचना देकर कर्नलगंज पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने प्रेमी को हिरासत लिया है। खबर युवती के घरवालों को मिली तो वे रोते-कलपते कर्नलगंज थाने पहुंचे।
मिर्जापुर में अकोढ़ा गांव के श्याम लाल सिविल लाइंस में कोरल क्लब के पास रेलवे कॉलोनी में किराए पर रहते हैं। सिविल लाइंस थाने के पास वह पान की दुकान लगाते हैं। उनकी बेटी शिवानी उर्फ शेफाली (23) पांच भाई-बहनों में बड़ी थी। इंटर तक पढ़ाई के बाद उसने ब्यूटीशियन का कोर्स किया और खुद का ब्यूटीपार्लर चलाने लगी। बेटी की मौत से दु:खी पिता श्यामलाल ने बताया कि कुछ साल पहले उसकी मुलाकात सलोरी के शनि उर्फ प्रताप से हुई थी। शनि ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर शिवानी से मुलाकात बढ़ा ली। इसके बाद दोनों में मेल जोल बढ़ता गया। फिर शनि दो साल तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। कुछ दिनों से शिवानी शनि पर शादी के लिए दबाव बना रही थी लेकिन शनि शादी के लिए तैयार नहीं था। मंगलवार शाम को शिवानी उर्फ शेफाली अपनी मां नीलम से ब्यूटी पार्लर जाने की बात कहकर घर से निकली और सीधे शनि के घर पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि वहां उसने हंगामा किया फिर उसने हाथ की नस काट ली। जिसके बाद प्रेमी शनि उसे लेकर बेली अस्पताल भागा। जहां डॉक्टरों ने शिवानी को मृत घोषित कर दिया। वहीं बुधवार शाम को डॉक्टरों के पैनल और वीडियोग्राफी में शव का पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की बात सामने आई है। शक है कि प्रेमी ने गला घोंटने के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसके हाथ की नस काट दी थी। इंस्पेक्टर कर्नलगंज मनोज तिवारी का कहना है कि मामला संदिग्ध है। युवती के पिता की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज हुआ है। आरोपी प्रेमी शनि हिरासत में है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।