कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड कहर ढाने लगी है। रविवार को जहां माघ मेला में इसकी चपेट में आकर एक युवक ने दम तोड़ दिया वहीं स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय, चिल्ड्रेन अस्पताल में भर्ती मरीजों में 48 घंटों में 14 की मौत हुई है। किसी को हार्ट अटैक पड़ा था तो किसी को ब्रेन हैमरेज। दमा का अटैक पड़ने से कुछ की हालत गंभीर हुई।
कौशांबी जिले के चरवा गांव के रहने वाले नरेंद्र प्रताप सिंह शनिवार को गंगा स्नान को आए थे। गंगा स्नान के दौरान ठंड लगने से उनकी हालत गंभीर हो गई। उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया लेकिन बचाया नहीं जा सका। रविवार को एंबुलेंस से शव घर भिजवाया गया। ठंड लगने से मेले में यह पहली मौत है। उधर, स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के मेडिसिन आईसीयू में 48 घंटों में रूपचंद्र (62), शारदा प्रसाद (60), प्रेम नाथ ओझा (65), पारस नाथ राठौर (70), राजेश श्रीवास्तव (45), सुमित्रा देवी (55), रामधारी (40), कुंवर लाल (75), कोमल चंद्र यादव (40) ने दम तोड़ दिया। ठंड की चपेट में आने से इनको ब्रेन हैमरेज, सीने में संक्रमण, सांस लेने में तकलीफ की परेशानी हुई थी।
हालत खराब होने पर भर्ती किया गया था। अस्पताल के हृदय रोग विभाग के आईसीसीयू में प्रेमलाल, हृदय नारायण, मोती समेत चार लोगों ने दम तोड़ा है। मेडिसिन विभाग के डॉ. मनोज माथुर ने कहा कि आईसीयू में बहुत ही गंभीर मरीज पहुंच रहे हैं। वहीं चिल्ड्रेन अस्पताल में निमोनिया की चपेट में आने से दो बच्चों की मौत हुई है।