जार्जटाउन की लिडिल रोड पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने शुक्रवार रात एक प्रापर्टी डीलर को गोली मार दी। बदमाशों ने कार से घर लौट रहे प्रॉपर्टी डीलर को पहले रोका और उनकी कार का शीशा तोड़ दिया, फिर फायरिंग शुरू कर दी। वह जान बचाकर भागे तो उन्हें बदमाशों ने दौड़ाकर गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लिडिल रोड पर रहने वाले अजय सिंह (50) प्रापर्टी डीलर हैं। मूल रूप से उनका निवास झूंसी के शेरडीह रहिमापुर में पड़ता है, जहां उनके चार अन्य भाई भी रहते हैं। अजय लिडिल रोड पर पत्नी निशा व बेटे प्रतीक के साथ रहते हैं। एक बेटी पूजा है, जिसकी शादी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार रोज की तरह रात आठ बजे के करीब अजय कार से घर लौट रहे थे। जार्जटाउन थाने वाली रोड से अभी वह लिडिल रोड पर मुड़े ही थे कि पीछे से लाल रंग की पल्सर बाइक पर सवार होकर तीन युवक वहां आ धमके। तीनों ने अजय की कार रोक ली। अजय कुछ करते, इससे पहले ही बदमाशों ने असलहे की बट से ड्राइविंग सीट की ओर लगी खिड़की का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद फायरिंग शुरू कर दी। दहशत में आए अजय कार से नीचे उतरकर भागने लगे तो बदमाशों ने उन्हें दौड़ा लिया। इसके बाद उन्हें गोली मार दी। पीठ पर गोली लगते ही अजय जमीन पर गिरकर तड़पने लगे। फायरिंग की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग बाहर आए तो अजय को लहूलुहान पड़ा देख उनके होश उड़ गए। शोर मचा तो भीड़ जुटने लगी। यह देख हमलावर वहां से भाग निकले। मोहल्ले के लोगों ने सूचना दी तो पहले 100 नंबर और फिर स्थानीय पुलिस पहुंच गई।
इंस्पेक्टर संतोष शर्मा भी फोर्स लेकर पहुंचे। घायल अजय को लेकर सबसे पहले पुलिस पास के निजी अस्पताल में पहुंची। यहां से उन्हें पास के ही स्कैनिंग सेंटर ले जाया गया, जहां एक्सरे के दौरान गोली फंसी होने की जानकारी हुई। इस दौरान सूचना पर एसएसपी नितिन तिवारी भी पहुंचे और घरवालों से पूछताछ की। एक्सरे के बाद घायल को फिर ले जाकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां ऑपरेशन की तैयारी की जाती रही। इंस्पेक्टर संतोष शर्मा ने बताया कि घरवाले किसी तरह के विवाद की बात से इंकार कर रहे हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि हमलावर कौन थे और उन्होंने ऐसा क्यों किया, इस बारे में घरवाले कुछ बता नहीं पा रहे हैं। हालांकि, घायल अजय ने अस्पताल ले जाने से पहले बताया है कि वह हमलावरों को पहचानते हैं। हालत गंभीर होने की वजह से उनसे ज्यादा पूछताछ नहीं की जा सकी। पुलिस का कहना है कि फिलहाल घरवालों और घटनास्थल के आसपास रहने वालों से जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें .32 बोर के दो खोखे मिले। इसके अलावा एक तमंचा भी मिला। माना जा रहा है कि घटना के वक्त अजय ने गोली चला रहे बदमाश से बचने की कोशिश की होगी। इसी दौरान हुई खींचतान में बदमाश का तमंचा कार में गिर गया होगा। फिलहाल, पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।