तीन मई की रात करीब दस बजे लाल गिरजाघर के पास बियर की दुकान के सामने अनुराग पाठक की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने विवेक और राघवेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है । इनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई काले रंग की सफारी यूपी 70- डीआर- 7007 भी बरामद की है। गोली मारने वाला मुख्य आरोपी गोंडा निवासी अवधेश तिवारी उर्फ बजरंगी ‘बज्जू भाई’ सहित आठ आरोपी अभी भी फरार हैं। अवधेश इलाहाबाद विवि के डायमंड जुबली हाल में रहकर एलएलबी कर रहा है।
एसपी सिटी सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन मई की रात दस बजे अनुराग की हत्या में इस्तेमाल की गई काले रंग की सफारी रोडवेज बस स्टैंड के पीछे है। जिसे पुलिस ने पीछा किया और लोक सेवा आयोग कार्यालय के पास घेर लिया। सफारी और उसमें बैठे दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया। दोनों से पूछताछ की गई तो पता चला कि वह गाड़ी में सवार होकर खाने पीने के लिए गिरजाघर के पास बियर की दुकान पर पहुंचे थे।
उनके साथ सतेंद्र दुबे उर्फ सत्या, नवीन मौर्य उर्फ निश्चल, आशु यादव, नवीन यादव, परम पटेल, आशुतोष त्रिपाठी, बरंगी उर्फ बज्जू भाई उर्फ अवधेश तिवारी व विपिन साथ में थे। पहले तो शराब पी, बाद में राजू चिकन वाले चौराहे पर गाड़ी खड़ी करके बियर लेने लगे। बियर शाप पर पहले से खड़े लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। उसी समय तैश में आकर बजरंगी उर्फ अवधेश तिवारी ने पिस्टल निकालकर फायर किया। जिससे अनुराग पाठक की गोली लगने से मौत हो गई।
गिरफ्तार व्यक्तियों में जोनपुर निवासी विवेक सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह और चित्रकूट निवासी राघवेंद्र सिंह पुत्र रणधीर सिंह हैं। ये दोनों इलाहाबाद में रहकर कंपटीशन की तैयारी कर रहे हैं। मुख्य अभियुक्त अवधेश तिवारी के खिलाफ कर्नलगंज में 2015 के दौरान जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज हुआ था।