करेली में बी ब्लॉक लेबर चौराहा पर बाइक मिस्त्री अशोक कुशवाहा के मकान में तीसरी मंजिल पर बुधवार दोपहर आग लग गई। धुआं और आग की लपटें उठती देख मोहल्ले में खलबली मच गई। आसपास के घरों के लोग जरूरी सामान बाहर निकालकर सड़क पर आ गए। आग बढ़ती ही जा रही थी। फायरब्रिगेड की दो गाड़ियां पहुंचीं। संकरी गली में फायरब्रिगेड को जाने में दिक्कत हो रही थी। किसी तरह मोहल्ले के लोगों ने रास्ता बनाया तब फायरब्रिगेड ने लगभग दो घंटे बाद आग पर काबू पाया। मकान की तीसरी मंजिल पर रखा गृहस्थी का लाखों का सामान राख हो चुका था।
करेली बी ब्लॉक के रहने वाले अशोक कुशवाहा बाइक मिस्त्री हैं। वह तीसरी मंजिल पर परिवार के साथ रहता है, जबकि नीचे की मंजिल पर उसके भाई रहते हैं। बुधवार दोपहर अशोक की पत्नी घर के काम में लगी थी। छह साल का बेटा खेल रहा था। अचानक सोफे को जलते देख अशोक की पत्नी बेटे को उठाकर चीखते हुए बाहर भागी। यह सुनकर लोग घर से निकले तो अशोक के घर से धुआं और आग की लपट देख कर सहम गए। मोहल्ले के पूर्व पार्षद नफीस अनवर, समाजसेवी हारून, फैय्याज अहमद, अशरफ जमीर, शिव चंद्र कुशवाहा समेत मोहल्ले के लोग आग बुझाने में लगे थे।
सूचना पर फायरब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं। आग बुझाने में दोनों गाड़ियों का पानी खत्म हो गया। दोबारा फायरब्रिगेड की गाड़ियों को पानी भरना पड़ा। फायरमैन धर्मेंद्र मिश्र समेत अन्य फायरकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भयानक थी कि लोहे की खिड़की और दरवाजे गल गए, दीवारों का प्लास्टर उखड़ गया। घर में रखा गृहस्थी का लाखों का सामान राख हो गया।
बैंक ऑफ बड़ौदा की अशोकनगर शाखा में बुधवार दोपहर आग लग गई। आग बैंक के जनरेटर में लगी थी। जनरेटर से धुआं उठते देख बैंक में अफरातफरी मच गई। फायरब्रिगेड पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया गया।