यूपी बोर्ड के झूंसी स्थित एक परीक्षा सेंटर पर मंगलवार को नकल के लिए पैसे न देने पर इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी को नंगा कर पीटा गया और मुंह पर थूका गया। इससे छात्र बेहोश हो गया। उसकी परीक्षा भी छूट गई। बुधवार को भुक्तभोगी की ओर से आरोपी शिक्षक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई। देर शाम तक रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई थी। हालांकि पुलिस घटना की जांच के लिए विद्यालय गई थी लेकिन स्कूल बंद होने के कारण लौट आई। पिटाई और बेइज्जती से छात्र बुरी तरह सहमा हुआ है।
फूलपुर के सौरहा गांव निवासी श्रीराम प्रकाश वर्मा का बेटा अवधेश यूपी बोर्ड में इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रहा है। उसका सेंटर झूंसी के एक गांव के विद्यालय में पड़ा है। मंगलवार को द्वितीय पाली में उसका अंग्रेजी प्रथम प्रश्न पत्र का पेपर था। परीक्षार्थी का आरोप है कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही सभी परीक्षार्थियों से नकल कराने के लिए पैसे मांगे गए थे। उसने नकल करने और पैसा देने से मना कर दिया था। मंगलवार को अंग्रेजी प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा थी। नकल के लिए पैसा न दिए जाने से कॉलेज प्रबंधन और शिक्षक परीक्षार्थी से नाराज थे।
अवधेश का आरोप है कि जैसे ही परीक्षा शुरू हुई। कक्ष निरीक्षक उसकी तलाशी लेने लगे। नकल की कोई सामग्री नहीं मिली तो आरोप है कि कक्ष निरीक्षक ने उसे नंगा कर तलाशी ली। इससे अपमानित छात्र ने विरोध किया तो पहले उससे गालीगलौज की गई। इसके बाद लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई की गई। छात्र का आरोप है कि कक्ष निरीक्षक ने उसके मुंह पर थूक भी दिया। जेब में रखे एक हजार रुपये भी छीन लिए। बुधवार को भुक्तभोगी छात्र ने झूंसी पुलिस से आरोपी शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत की है। पिटाई के बाद से छात्र बुरी तरह डरा और सहमा है। देर शाम तक पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की थी।