धूमनगंज के झलवा स्थित केंद्र में चल रही हाईकोर्ट ग्रुप डी परीक्षा के दौरान रविवार को एक मुन्नाभाई पकड़ा गया। दूसरे की जगह परीक्षा में बैठा आरोपी ब्ल्यूटूथ डिवाइस से नकल भी कर रहा था। केंद्राध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी समेत दो लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।\
हाईकोर्ट ग्रुप डी की लिखित परीक्षा रविवार को शहर में आयोजित थी। झलवा स्थित नारायण उच्च शिक्षा संस्थान में भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा का आयोजन सुबह 10 से 11.30 बजे तक था। इसी दौरान परीक्षा रूम इंचार्ज योगेंद्र मिश्र ने शिकायत की कि कमरा नंबर 9ए में बैठा एक परीक्षार्थी ब्ल्यूटूथ डिवाइस के जरिए किसी से बातें करते हुए नकल कर रहा है। तलाशी लेने पर उसके कान व बांह में रबर बैंड से बंधी हुई इलेक्ट्रानिक डिवाइस मिली। आरोपी ने अपना नाम संदीप पुत्र देवा सिंह निवासी हिसार हरियाणा बताया। साथ ही यह भी बताया कि वह सुरेश पुत्र रघुवीर निवासी जींद हरियाणा के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। इसके बाद सूचना पर पुलिस पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी के पास से मिले ब्ल्यूटूथ डिवाइस व ओएमआर शीट आदि भी जब्त कर पुलिस को सौंप दी गई। धूमनगंज पुलिस ने बताया कि केंद्राध्यक्ष अनिल कुमार सिंह की तहरीर पर आरोपी संदीप व सुरेश के खिलाफ धोखाधड़ी, परीक्षा अधिनियम समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच की जा रही है।