21 सदस्यों के साथ तीर्थयात्रा पर आया था परिवार
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के रहने वाले दामाजी पत्नी मनीषा, 12 वर्षीय बेटे और छह साल की बेटी समेत परिवार के 21 सदस्यों के साथ तीर्थयात्रा पर आए थे। परिवार 14 नवंबर को ट्रैवलर बस से रवाना हुआ था। 15 नवंबर को मैहर में दर्शन-पूजन करने के बाद सोमवार सुबह प्रयागराज पहुंचा था।
दामाजी के साले गोपाल ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य सोमवार सुबह करीब नौ बजे किला घाट से दो नावों पर सवार होकर संगम पहुंचे थे। नाव संगम नोज के पास पहुंची तो परिवार के लोग एक-एक कर उतरने लगे। इसी दौरान दामाजी स्नान के लिए नीचे उतरे। आरोप है कि सुरक्षा जाली के पास लगी लकड़ी की बल्ली टूटने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चले गए।
उन्हें डूबता देख परिवार के लोग चीखने-चिल्लाने लगे। करीब 15 मिनट तक मदद की गुहार लगाई गई, लेकिन कोई उन्हें बचाने के लिए नदी में नहीं उतरा। कुछ ही देर में वह पानी में लापता हो गए। दो दिन तक चली तलाश के बाद बुधवार को उसी स्थान पर उनका शव बरामद हुआ।