नीरज वाल्मीकि हत्याकांड में जेल जा चुका है रानू
पुलिस के मुताबिक, सनाउल्लाह उर्फ रानू वर्ष 2018 में कैंट क्षेत्र में हुए नीरज वाल्मीकि हत्याकांड में जेल जा चुका है। नीरज वाल्मीकि छोटा राजन गिरोह का शूटर था। दुर्गा पूजा पंडाल के भीतर उसकी बम और गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस के अनुसार, मनोज बारी पर आठ और रानू पर 15 प्राथमिकी दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ दो बार गैंगस्टर की कार्रवाई भी हो चुकी है। दोनों कर्नलगंज थाने के हिस्ट्रीशीटर बताए गए हैं। दो हिस्ट्रीशीटरों के नशे के कारोबार में शामिल होने के खुलासे ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।
आतंकी संगठन से जुड़ा बताकर होटल कारोबारी को जान से मारने की धमकी
सिविल लाइंस निवासी होटल कारोबारी संतोष गुप्ता और उनके परिवार को अज्ञात मोबाइल नंबरों से जान से मारने की धमकी मिली है। आरोप है कि फोन करने वाले खुद को बांग्लादेशी-पाकिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़ा बताकर धमकी दे रहे हैं। साथ ही उनके परिवार के सदस्यों के नाम अतीक अहमद से जोड़कर जेल भिजवाने की धमकी देते हैं। सिविल लाइंस पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से अलग-अलग नंबरों से कारोबारी और उनके कर्मचारियों के पास कॉल आ रही हैं। फोन करने वाले कभी खुद को प्रतापगढ़, प्रयागराज तो कभी छिंदवाड़ा के जंगलों का निवासी बताते हैं। होटल और कार्यालय का पता बताकर वहां पहुंचने और सभी को मार डालने की बात कहते हैं। धमकाने वाले खुद को नक्सली, माफिया और बांग्लादेशी-पाकिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़ा बताते हैं।
छिंदवाड़ा के जंगलों में लोगों की हत्या करने और अतीक अहमद से जुड़े लोगों के माध्यम से झूठे मुकदमे में फंसाने की बात भी कही जाती है। कर्मचारियों को उनके नाम लेकर डराया जा रहा है। परिवार की महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के साथ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने की धमकी दी है। पीड़ित ने पुलिस को कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग, व्हाट्सएप संदेशों के स्क्रीनशॉट और संदिग्ध नंबरों का ब्योरा सौंपा है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।