होली पर मंगलवार को सराय इनायत के लीलापुर खुर्द गांव में एलएलबी की छात्रा से होली खेलने के बहाने खींचतान की गई। आरोपियों ने छात्रा के परिजनों से मारपीट की। पुलिस के आने पर आरोपियों ने माफी मांगी, लेकिन पुलिस फोर्स के लौटते ही दोबारा छात्रा के परिवार पर हमला बोल दिया। धमकी दी कि छात्रा को उठा ले जाएंगे। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ छेड़खानी, घर में घुसकर मारपीट, धमकी का नामजद केस लिखकर दो लोगों को पकड़ लिया है।
मंगलवार दिन में करीब 11.30 बजे की घटना है। लीलापुर खुर्द गांव में एलएलबी की छात्रा घर के सामने खड़ी थी, तभी आरोप है कि शिवम शुक्ला, शाश्वत शुक्ला, प्रशांत, मनीष, नवनीत शुक्ला, प्रद्योत ने पास आकर अश्लील बात कहते हुए होली खेलने को कहने लगे। मना करने पर वे छात्रा का हाथ पकड़कर खींचने लगे। छात्रा का भाई घर से निकला तो उसे पीटने लगे। छात्रा किसी तरह हाथ छुड़ाकर घर के अंदर भागी तो उसके पिता ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने तक में सभी आरोपी वहां से चले गए थे। पुलिसकर्मियों ने बुलाया तो आरोपियों के परिवार के लोगों ने माफी मांगी और कहा कि अब ऐसा नहीं होगा। चेतावनी देकर पुलिस बल वहां से लौटा तो आरोपियों ने दोबारा छात्रा के घर पर धावा बोल दिया। धमकी दी कि पुलिस से शिकायत की तो लड़की को उठा ले जाएंगे। आरोपियों के जाने के बाद छात्रा के साथ थाने जाकर परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ नामजद केस लिखा।