जार्जटाउन में सीएमपी डिग्री कॉलेज के पास हुई एलएलबी छात्र की हत्या के आरोपी सौरभ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सीएमपी डॉट पुल के पास से उसे तब गिरफ्तार किया गया, जब वह भागने की फिराक में था। पुलिस ने उसके पास से पिस्टल, कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
सीएमपी कॉलेज से एलएलबी कर रहे छात्र सत्येंद्र प्रताप उर्फ राहुल की 28 अप्रैल की रात साढ़े आठ बजे के करीब गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में सौरभ कुमार उर्फ पंडित पुत्र लालजी निवासी चोलापुर वाराणसी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर उसे सीएमपी डॉट पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का दावा है कि उसके पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए गए।
जान से मारने की दी थी धमकी
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि उसने पांच हजार रुपये सत्येंद्र से तब उधार लिए थे, जब वह उसका रूम पार्टनर था। बताया कि उसने रुपये वापस भी किए थे लेकिन फिर भी सत्येंद्र उससे और रुपये मांग रहा था। घटना वाले दिन सत्येंद्र अपने साथी नीलेश के साथ जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर ले जा रहा था। उसने जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसी दौरान उसने गोली चला दी थी। बताया कि वह संस्कृत से एमए करने के बाद बैरहना में किराये के कमरे में रहकर पीजीटी की तैयारी कर रहा था।