फोन पर दोस्ती के बाद एक युवक ने रिशेप्सनिस्ट की नौकरी करने वाली युवती को मेहंदौरी में अपने कमरे में बुलाया और नशीली चाय पिलाकर उसके साथ रेप किया। चुप रहने के लिए झांसा दिया कि शादी कर लेगा। मगर फिर वह मुकर गया और धमकाने लगा। युवती को पीटा भी। पीड़ित युवती ने शिवकुटी थाने में तहरीर दी तो पुलिस ने नामजद एफआईआर लिखकर छापेमारी की लेकिन आरोपी युवक फरार हो गया है। पुलिस ने युवती को मेडिकल टेस्ट के लिए भेजा है।
नैनी इलाके में रहने वाली 24 वर्षीय महिमा (नाम काल्पनिक) शहर के एक निजी फर्म में दो साल पहले बतौर रिशेप्सनिस्ट काम करती थी। वर्ष 2015 में रिशेप्शन से उसका नंबर लेकर हंडिया इलाके के आकाश कुमार शुक्ला ने उसे फोन किया। फिर उनके बीच फोन पर बात होने लगी। आकाश परिवार सहित शहर के मेहंदौरी कॉलोनी में रहकर नौकरी करता है। महिमा का आरोप है कि एक दिन आकाश ने उसे अपने कमरे में बुलाया। बोला कि आओ अपने घरवालों से मिला दूं। वह उसे मकान के दूसरे तल पर अपने कमरे में ले गया। फिर चाय पीने को दी।
इसके बाद महिमा को होश नहीं रहा। नींद टूटी तो पता चला कि आकाश ने उसके साथ रेप किया है। वह रोने लगी तो झांसा दिया कि किसी से शिकायत नहीं करे। वह उससे शादी कर लेगा। मगर धीरे-धीरे साल गुजर गया। आकाश टालमटोल करने लगा। एक दिन उसने महिमा के घर जाकर दो टूक कहा कि वह शादी नहीं करेगा। वह उसके घर गई तो उसे पीटा और धमकाया। कुछ दिन पहले महिला ने शिवकुटी थाने में लिखित शिकायत की तो आकाश ने समझौते के लिए कहा लेकिन बात नहीं बनी तो केस लिखा गया। अब पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुटी है।