कर्नलगंज में सोमवार देर रात नेतराम चौराहे पर दो गुटों के बीच मामूली कहासुनी में विवाद इस कदर बढ़ गया कि एक पक्ष ने साथियों को बुलाकर ताबड़तोड़ और फायरिंग की फिर बमबाजी कर दहशत फैला दी। हमले में कारोबारी चाचा-भतीजे गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि एक युवक भी छर्रा लगने से घायल हुआ है। उन्हें रामबाग स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चाचा-भतीजे की हालत नाजुक बनी है।
कर्नलगंज में फकीरागली के रहने वाले गोपाल की रजाई-गद्दे की दुकान है। बगल में भतीजा राजा भी होटल चलाता है। सोमवार रात वे दुकान बंद कर घर के बाहर खड़े होकर बात कर रहे थे। तभी कुछ दूरी रहने वाले पवन से मामूली बात पर उनकी कहासुनी हो गई। पवन ने अपने साथियों अमित, सचिन समेत अन्य कई लड़कों को बुला लिया। इसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग की और बमबाजी की। फायरिंग में तीन गोली गोपाल (48)के सीने और पेट लगी है। जबकि राजा (22) के भी सीने में गोली लगी है। वहीं एक अन्य युवक रतन को भी छर्रा लगा है। तीन लोगों के खून से लथपथ होकर सड़क पर गिरने के बाद खलबली मच गई। आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी तो हमलावर तमंचा लहराते धमकी देते हुए भाग निकले। परिजन घायलों को उठाकर कचहरी पास स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। सूचना पर कर्नलगंज पुलिस पहुंची। वहां से घायलों को रामबाग के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि हमले पवन नामक शख्स से किसी को बात को लेकर कहासुनी हुई है। उसने अपने साथियों अमित, सचिन और अन्य को बुलाकर फायरिंग और बमबाजी की। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।