फाफामऊ(इलाहाबाद)। थरवई इलाके में एक व्यक्ति ने खुद से चौथाई उम्र की ग्यारह साल की बालिका को मेला दिखाने के बहाने घर से बुलाकर ले जाने के बाद झाड़ी में रेप किया। उसने बालिका को चाय में कोई नशीली गोली मिलाकर पिला दी थी। वह रिश्ते में बालिका का जीजा लगता है। चार दिन पुरानी इस घटना में शनिवार को परिजनों ने आरोपी को किसी बहाने से अपने घर बुलाकर कंट्रोल रूम को फोन से सूचना दी। थरवई थाने की पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर बलात्कार का मुकदमा दर्ज कर लिया। पीड़ित बालिका को मेडिकल टेस्ट की खातिर शहर में डफरिन भेजा गया है।
थरवई इलाके में रहने वाली 11 साल की बालिका शीला (नाम काल्पनिक) की फुफेरी बहन की शादी सरायइनायत के रमईपुर गांव में कल्लू से हुआ है। 40 वर्षीय कल्लू छोटी दीवाली यानी बुधवार को शीला के घर आया था। वह शाम को उसे बेलवा गांव में मेला दिखाने की खातिर साइकिल पर बैठाकर ले गया। मेला से लौटते वक्त रात करीब नौ बजे वह शीला को देवरिया गांव स्थित एक ढाबा ले गया। वहां उसे बिस्किट और चाय दी। कुछ देर बाद उसने बालिका को ढाबा के निकट झाड़ी में ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया।
मनमानी करने के बाद वह शीला को झाड़ी में ही बेसुध छोड़कर भाग गया। कुछ देर बाद होश आने पर शीला खुद किसी तरह घर पहुंची। उसने परिजनों को बताया कि जीजा कल्लू ने उसे चाय में शायद नशीली गोली मिलाकर पिला दी थी, जिसकी वजह से उसे होश नहीं रहा। बेटी के साथ रेप की घटना में उस रोज परिजनों ने चुप्पी साध ली। शनिवार सुबह शीला के पिता ने आरोपी कल्लू को फोनकर अपने घर बुलाया।
तीन रोज तक कोई बात नहीं होने से कल्लू ने समझा कि शीला ने घर में उसकी करतूत के बारे में नहीं बताया। मगर कल्लू जब शीला के घर पहुंचा तो वहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दरअसल, शीला के पिता ने उसे बुलाने के बाद सौ नंबर पर कंट्रोल रूम में खबर दी थी जिसके बाद पुलिस ने आकर वहां घेराबंदी कर ली थी। थरवई पुलिस ने पीड़ित बालिका के पिता की ओर से कल्लू के खिलाफ बलात्कार और पोक्सो एक्ट के तहत केस लिखा है। बालिका को मेडिकल टेस्ट के लिए भेज दिया गया।