यमुनापार में मेजा के छतवा गांव में शनिवार देररात बारात में नाचते-गाते लोग हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए। करंट रोड लाइट में उतर आया था, जिससे लाइट उठाए मजदूर अचानक झटका खाकर जमीन पर गिरने लगे। इस दौरान बाराती उन्हें पकड़ने दौड़े वे भी करंट की चपेट में आ गए। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच गंभीर रूप से झुलसे गए हैं। खबर पाकर मेजा पुलिस पहुंची। जहां कुछ देर पहले बाराती डीजे की धुन पर थिरक रहे थे, वहीं हादसे के बाद मातम पसर गया।
छतवा गांव निवासी रामबाबू निषाद की बेटी शिवकृति की शादी मिर्जापुर में नीबी नौगांव निवासी जय कुमार पुत्र रामनरेश के साथ तय हुई। शनिवार को बारात आई थी। बाराती डीजे की धुन पर नाचते हुए द्वारचार के लिए कन्यापक्ष के घर जा रहे थे। रामबाबू के घर से लगभग पचास मीटर पहले रात के अंधेरे में सिर पर रोड लाइट उठाए मजदूरों और बारातियों की नजर ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार पर नहीं गई। रोड लाइट के तार से छूते ही करंट उतर आया।
एक के बाद रोड लाइट उठाए मजदूर झटका खाकर जमीन पर गिरने लगे। अफरातफरी मच गई। भगदड़ में लोगों को कुछ समझ ही नहीं आया। कुछ बाराती भी उन्हें उठाने दौड़े तो वे भी करंट की चपेट में आ गए। कुछ देर बाद लोग समझे तो रोड लाइट का जनरेटर बंद कराया गया। बगल के गांव का मजदूर अशोक कुमार (45) की सांसें थम चुकी थीं, जबकि शिवपाल, शिवाकांत, मोहित, टिंकल, उमाशंकर गंभीर रूप से झुलसे थे। उनको अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के चलते शादी की रस्में भी रोक दी गईं थी।