शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, दुल्हन मेहंदी लगाये बैठी थी तभी अचानक दूल्हा कहीं ‘अदृश्य’ हो गया। घड़ी की सुईयां भागती रहीं लेकिन लड़के का कुछ पता नहीं चला। मामला यूपी के कानपुर शहर का है।
कल्याणपुर में शनिवार को दूल्हा शादी के पहले गायब हो गया। वधू हाथों में मेहंदी लगाए बैठी रही। वधू पक्ष के लोग देर रात तक दूल्हे केघर में डेरा जमाए रहे। पुलिस और परिवार के लोग दूल्हे की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे।
कल्याणपुर के गौतम विहार निवासी बेकरी कारोबारी के बेटे की शादी इसी क्षेत्र के मिर्जापुर की युवती से तय हुई है। शनिवार को बारात थी। वधू पक्ष के लोगों ने आवास विकास-एक स्थित कम्युनिटी सेंटर में समारोह आयोजित किया था। इधर, दोपहर में दूल्हा हेयर केटिंग सैलून जाने की बात कहकर एक दोस्त के साथ घर से निकला, इसके बाद लौटकर नहीं आया। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसका मोबाइल मिलाया, लेकिन स्विच ऑफ मिला। तब दूल्हे के गायब होने की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने दोस्त का फोन मिलाया तो वह बोला, दूल्हे को पनकी रोड पर छोड़कर वह चला गया था। इसके बाद कुछ नहीं मालूम। इसके बाद दोस्त का मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया। इंस्पेक्टर का कहना है कि दूल्हा घर वालों को बताए बिना चला गया है। तलाश की जा रही है।