वाणिज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) एवं सचल दल ने बुधवार को ट्रांसपोर्ट नगर में कर चोरी के खिलाफ कार्रवाई की। यहां दो ट्रांसपोर्टरों के यहां छापेमारी में कर चोरी से लाया गया तकरीबन 5.50 लाख रुपये का परचून का सामान पकड़ा गया। एक ट्रांसपोर्टर से जुर्माना वसूला गया, जबकि दूसरे का माल सीज करते हुए जुर्माने का नोटिस दिया गया। त्योहारों के मद्देनजर इन दिनों दूसरे प्रदेशों से माल की आवक बढ़ गई है। ज्यादातर व्यापारी ट्रांसपोर्ट के जरिए माल मंगाते हैं। इसमें बड़े पैमाने पर कर चोरी की शिकायत मिल रही थी।
एडिशनल कमिश्नर ग्रेड टू एलबी गुप्ता के नेतृत्व में बुधवार को एसआईबी एवं सचल दल के अफसरों ने ट्रांसपोर्ट नगर में छापा मारा। इससे वहां हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने एक ट्रांसपोर्ट के गोदाम की जांच की। इसमें इलेक्ट्रानिक्स उपकरण, किराना, कास्मेटिक आदि सामान मिला। यह सभी सामान परचून की श्रेणी में आता है। इसी तरह एक ट्रांसपोर्ट के बार एक ट्रक माल पकड़ा गया। इसमें भी परचून का सामान था। यह माल कर चोरी से लाया गया था।
जांच के दौरान माल से संबंधित प्रपत्र न दिखा पाने पर गोदाम में रखे माल पर ट्रांसपोर्टर से 14 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। ट्रक पर लदे माल से संबंधित ट्रांसपोर्टर को 2.50 लाख रुपये जुर्माने का नोटिस दिया गया। एडिशनल कमिश्नर ने बताया कि कर चोरी कर माल लाने वालों के खिलाफ जांच अभियान में और तेजी लाई जाएगी।