धूमनगंज के प्रीतमनगर में गुरुद्वारा वाली गली में बुधवार शाम बाइक सवार बदमाश पैदल घर जा रही युवती का पर्स छीनकर भाग निकले। बदमाश हेलमेट पहने थे जिसके चलते युवती उनका चेहरा नहीं देख पाई। युवती तहरीर लेकर धूमनगंज थाने पहुंची तो थाने पर मौजूद दरोगा ने बिना जांच के रिपोर्ट लिखने से इंकार कर दिया। इस बात को लेकर थाने में हंगामा हुआ। बाद किसी तरह मामला शांत हुआ।
गुरुद्वारा वाली गली के रहने वाले जाय मुखर्जी कचहरी में बाबू हैं। उनकी बेटी अनुप्रिया मुखर्जी सिविल लाइंस में एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। बुधवार शाम को वह विक्रम से धूमनगंज पहुंची। वह गुरुद्वारा गली के सामने विक्रम से उतरकर घर की ओर पैदल जा रही थी। तभी पीछे से बाइक सवार बदमाश आए और अनुप्रिया के कंधे से लटकता बैग छीनकर भाग निकले। अनुप्रिया ने शोर मचाया तो आसपास के लोग भागकर पहुंचे लेकिन तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे। अनुप्रिया के पिता जॉय के साथ थाने पहुंची। थाने में मौजूद एक दरोगा ने बिना जांच के तहरीर लेने से इंकार कर दिया। इस पर लोगों ने नाराजगी जाहिर की। हंगामा बढ़ता देख बमरौली चौकी प्रभारी आनंद पांडेय पहुंचे। उन्होंने मामला शांत कराया और तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया।