नैनी कारागार में बंद पूर्व मंत्री नंदी पर रिमोट बम से हमले का मुख्य आरोपी राजेश पायलट जेल में बीमार हो गया है। जिला न्यायालय ने उसका इलाज कराने का आदेश नैनी जेल अधीक्षक को दिया है। यह आदेश विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर प्रेमनाथ ने दिया है।
अभियोजन के अनुसार नंदी हमला मामले में जेल में बंद आरोपी आनंद उर्फ राजेश पायलट ने अर्जी देकर कहा है कि वह स्लिप डिस्क से पीड़ित है। कोर्ट ने उसका इलाज स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में इलाज कराने का आदेश दिया था लेकिन जेल प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। उसे पीठ में असहनीय दर्द हो रहा है। अदालत ने नैनी जेल के अधीक्षक को आदेश देते हुए कहा है कि जेल अस्पताल में यदि उपचार संभव न हो तो बाहर ले जाकर इलाज कराए ।
बुधवार को पूर्व मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी पर हुए हमला मामले में विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर प्रेमनाथ की कोर्ट में सुनवाई हुई। आरोपी शिवमोहन पांडे की ओर से गवाह नंदी से जिरह की गई जो जारी है। अगली सुनवाई दस फरवरी को होगी ।
अभियोजन के अनुसार मामले के आरोपी यज्ञनारायण, शिवमोहन, मनोज कुमार, पुरुषोत्तम जितेंद्र, प्रेमसागर, आनंद उर्फ राजेश पायलट, दिलीप मिश्रा जेल से पेश किए गए । जमानत पर रिहा कृपानंद ,केशव और राजेश यादव भी उपस्थित हुए। विधायक विजय मिश्र, जयशंकर, मो0 रफीक, और सुभाष की ओर से हाजिरी माफी की अर्जी दी गई जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया ।