नैनी (इलाहाबाद)। जौनपुर के पॉलीटेक्निक कॉलेज का एक छात्र मंगलवार रात प्रतापगढ़ में अपने पिता को आत्महत्या करने का मैसेज भेजने के बाद से लापता है। उसने एमएसएम किया कि वह यमुना पुल से कूदकर मरने जा रहा है। तब से उसका मोबाइल फोन ऑफ है। बुधवार सुबह यहां अरैल के पास गंगा में एक साधु को लापता छात्र का बैग मिला तो नैनी थाने की पुलिस से खबर पाकर प्रतापगढ़ से परिवार के लोग भी आ गए।
प्रतापगढ़ के पट्टी इलाके में रामपुर गांव निवासी डॉ.रामबहादुर यादव का पुत्र कृष्ण कुमार यादव जौनपुर के पॉलीटेक्निक कॉलेज में दूसरे सेेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा है। मंगलवार रात करीब आठ बजे उसने अपने पिता डॉ.रामबहादुर को एमएमएस किया कि वह यमुना में कूदकर मरने जा रहा है। उसके इस मैसेज से माता-पिता परेशान हो गए। परिवार में कोहराम मच गया। मगर कृष्ण ने अपना मोबाइल फोन ऑफ कर लिया था। परिवार के लोग रात भर खोजबीन करते रहे। बुधवार दोपहर यहां अरैल इलाके मे्ं सोमेश्वर महादेव मंदिर के पास गंगा घाट किनारे साधु ने एक बैग देखा। उसे उठाकर खोला तो उसमें लैपटॉप, शैक्षिक प्रमाणपत्र कृष्ण कुमार का परिचय पत्र मिला।
100 नंबर पर कंट्रोल रूम में सूचना दी गई तो नैनी थाने की पुलिस वहां पहुंची। पुलिस ने बैग में मिले मोबाइल नंबर पर फोन कर कृष्ण कुमार के पिता डॉ.रामबहादुर को खबर दी तो उसके लापता होने की जानकारी मिली। परिवार के लोग भी शाम तक आ गए। उन्होंने कृष्ण के नए पुल से यमुना में कूदने की आशंका के चलते जल पुलिस और गोताखोरों से बात की। गोताखोरों ने बृहस्पतिवार सुबह यमुना और गंगा में उतरकर खोजबीन की बात कही। इस घटना से परिवार के लोग बेहद दुखी और परेशान हैं।