इलाहाबाद (ब्यूरो)। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ओर से संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) टियर-टू की परीक्षा में तीन परीक्षार्थियों को दूसरे की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया। इन नकलचियों को कक्ष निरीक्षकों की चौकसी के कारण पकड़ा गया। पकड़े गए तीनाें नकलची बिहार के रहने वाले हैं। आयोग की ओर से नकलचियों को पकड़ने के लिए की गई चौकस व्यवस्था के कारण नकचियों के हौसले पस्त रहे। एसएससी मध्यक्षेत्र की ओर से 34093 परीक्षार्थियों के लिए सीजीएल टियर-टू की परीक्षा के लिए इलाहाबाद एवं लखनऊ को केंद्र बनाया गया।
एसएससी मध्य क्षेत्र की ओर से इलाहाबाद एवं लखनऊ में 39-39 परीक्षा केंद्र बनाए गए। परीक्षा में इलाहाबाद में 17462 और लखनऊ में 16631 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा में 83.51 फीसदी उपस्थिति रही। एसएससी की ओर से पहले दिन दोनों पालियों में परीक्षा हुई। सोमवार को होने वाली तीसरे प्रश्नपत्र की परीक्षा में कुल छह हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा तीन से पांच बजे के बीच होगी।
एसएससी मध्य क्षेत्र के निदेशक जेपी गर्ग ने बताया कि शहर के सिविल लाइंस के ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में दो लोगों को दूसरे की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया। ज्वाला देवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कक्ष निरीक्षकों की चौकसी के कारण एक परीक्षार्थी बिहार के विकास को ओएमआर के वितरण के समय ही पकड़ लिया गया, जबकि दूसरे परीक्षार्थी समस्तीपुर बिहार के मनीष यादव को दीपक यादव की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया।
दूसरी पाली में बीबीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में नालंदा बिहार के अजीत यादव को अमरजीत की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया। पहली पाली में परीक्षा में अमरजीत परीक्षा में बैठा जबकि दूसरी पाली में उसका भाई अजीत परीक्षा देने पहुंचा। निदेशक जेपी गर्ग ने बताया कि दूसरे की जगह परीक्षा देने वालों में अधिकांश परीक्षार्थी बिहार के ही होते हैं।