इलाहाबाद (ब्यूरो)। जीवन ज्योति हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. एके बंसल ने कीडगंज थाने में पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, हेराफेरी, गालीगलौज और धमकी का मुकदमा लिखाया है। आरोप है कि इन लोगों ने उनसे महर्षि महेश योगी द्वारा संचालित महर्षि इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव इंटेलीजेंस के संचालन के लिए कई करोड़ रुपये लिए।
साथ ही सीतापुर स्थित महर्षि इंस्टीटयूट ऑफ क्रिएटिव इंटेलीजेंस यूनिवर्सिटी का जिम्मा सौंपा। डॉ. बंसल के मुताबिक उन्होंने इस विश्वविद्यालय को स्थापित करने में करोड़ों रुपये लगाए। फर्नीचर से लेकर स्टॉफ की नियुक्ति तक सब कुछ किया। मगर अचानक फर्जी कागजात बनाकर उन्हें विश्वविद्यालय से बेदखल कर वहां प्रवेश पर रोक लगा दी।
इसकी शिकायत डीएम से की तो जांच के बाद रिपोर्ट प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा को भेज दी गई। इसकी सूचना जब छल कपट करने वालों को मिली तो उन्होंने बाई का बाग स्थित उनके हॉस्पिटल में घुसकर हंगामा किया और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में कीडगंज थाने में अजय प्रकाश श्रीवास्तव, अनूप श्रीवास्तव, वीके श्रीवास्तव, दीपक दुबे और विजय सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।