सोनू हत्याकांड में एक बड़ा खुलासा हुआ है। घटना वाली शाम क्राइम ब्रांच की टीम भी उसी इलाके में मौजूद थी, जहां सोनू को गोलियों से भूना गया। क्राइम ब्रांच की टीम 50 हजार के इनामी गदऊ पासी के लिए वहां गई थी लेकिन, वह फायरिंग करता हुआ तीन फीट की गली से भाग निकला। पुलिस टीम जब वहां से हटी, उसके आधा घंटे बाद गदऊ के दुश्मन गिरोह ने सोनू को मार डाला।
मुंडेरा गांव में गदऊ पासी और उसके विपक्षी सोनू पासी के बीच पिछले कई दिनों से तनातनी चल रही थी। गदऊ के करीबी सोनू यादव और सोनू पासी के करीबी लकी यादव में में झगड़ा हुआ तो गदऊ ने पहले लकी को जमकर पीटा फिर सोनू पासी के घर पर कई राउंड फायरिंग की थी। बम भी पटका था। क्राइम ब्रांच की एक टीम अर्से से गदऊ की तलाश कर रही है। जब उसे पता चला कि गदऊ गांव में ही है तो उसे पकड़ने के लिए एक टीम दो दिनों से इलाके में घूम रही थी। मंगलवार को भी क्राइम ब्रांच की एक टीम वहीं थी। शाम को क्राइम ब्रांच की टीम का सामना गदऊ से हो गया। बताया जाता है कि वह पुलिस टीम पर फायर करता हुआ तीन फीट चौड़ी गली से भाग निकला था। उसके भागने के बाद पुलिस टीम वहां से निकल गई। इसी के आधा घंटे बाद गदऊ के विरोधियों को सोनू दिख गया। बस, उसे दौड़ाकर गोली मार दी गई।
सुअर चोरी से जरायम की दुनिया की शुरूआत करने वाला गदऊ जब अपराध की दुनिया का बड़ा नाम बना तो उसने वसूली शुरू कर दी। मुंडेरा मंडी के अंदर से लेकर बाहर तक वह लाखों की वसूली करने लगा। उसका करीबी सोनू यादव ही पूरी वसूली देखता था। गदऊ के मुहल्ले में रहने वाले सोनू पासी ने वसूली के धंधे में इतना पैसा देखा तो वह भी वसूली का प्रयास करने लगा। हालांकि गदऊ के आगे वह टिक नहीं पाया। लाखों की वसूली को लेकर दुश्मनी की शुरूआत हो गई थी। पिछले कुछ दिनों से बात इतनी बढ़ गई थी कि सोनू पासी और गदऊ पासी दोनों ही एक दूसरे को तमंचा लेकर ढूंढ रहे थे। गदऊ ने सोनू पासी के घर पर फायरिंग कर गैंगवार की शुरूआत कर दी थी।
सोनू यादव हत्याकांड में पुलिस ने गुरुवार को धूमनगंज से लेकर कौशांबी तक दबिश दी। इस मामले में नामजद सभी दस आरोपियों के परिजन घरों में ताला लगाकर फरार हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नामजद आरोपियों के साथ और कौन कौन था। मुंडेरा गांव में फोर्स तैनात है। पुलिस ने एक दर्जन से अधिक संदिग्धों को पकड़ा है। उनसे आरोपियों के बारे में तहकीकात की जा रही है।
सोनू यादव की हत्या में मुंडेरा गांव के मोनू पासी, सोनू पासी (दोनों सगे भाई), गोलू पासी, संदीप पासी, राजा भैया, बंटी पाल, लकी यादव, मनीष यादव उर्फ पप्पी, कुलदीप और गौतम के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनके अलावा दस अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है। सीओ सिविल लाइंस श्रीशचंद्र ने बताया कि धूमनगंज से लेकर कौशांबी तक दबिश दी जा रही है। सभी आरोपियों के मोबाइल नंबर बंद है। उनकी कॉल डीटेल्स निकलवाई गई है। आरोपियों के कुछ रिश्तेदारों और दोस्तों को पकड़ा गया है। उनसे भी पूछताछ की जा रही है। सोनू हत्याकांड के आरोपियों के अलावा गदऊ पासी की भी खोजबीन की जा रही है। उसकी तलाश में भी एक टीम ने कई जगह दबिश दी है। गांव में पुलिस फोर्स तैनात है।