शियाट्स में हुई मारपीट और तोड़फोड़ की घटना में अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं होने से हाईकोर्ट के कड़े रुख के चलते पूर्व सांसद अतीक अहमद ने कोर्ट में सरेंडर करने के लिए अर्जी दाखिल की है। उन्होंने स्पेशल सीजेएम कोर्ट में अर्जी दाखिल कर कहा है कि उनको यह बताया जाए कि वह किस मुकदमे में और किन धाराओं के तहत वांछित हैं। मामले पर अगली सुनवाई 13 फरवरी को होगी। अतीक के अधिवक्ता राधेश्याम पांडेय और खान फरहत ने बताया कि स्पेशल सीजेएम के समक्ष आत्मसमर्पण हेतु अर्जी दाखिल की गई है। अतीक अहमद शियाट्स में हुई घटना में नामजद आरोपी है।
इस मामले को लेकर शियाट्स की ओर से हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर कहा गया है कि पुलिस अभियुक्तों को गिरफ्तार नहीं कर रही है जबकि वह लगातार धमकियां दे रहे हैं। कोर्ट ने डीम्ड विश्वविद्यालय शियाट्स के परिसर में घुसकर अराजकता और भय का माहौल पैदा करने की घटना को गंभीर माना है। अदालत ने न सिर्फ जांच अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई है बल्कि दस फरवरी को एसपी को भी इस मामले में तलब कर लिया है। माना जा रहा है कि कोर्ट के इस सख्त रुख के कारण ही अतीक ने सरेंडर हेतु अर्जी दाखिल की है। दिसंबर माह में शियाट्स परिसर में एक छात्र के निष्कासन के मामले में अपने कई साथियों के साथ परिसर में पहुंचे थे। उनके साथ गए लोगों ने वहां मारपीट और तोड़फोड़ की थी। इसका मुकदमा दर्ज है।