शहर के पॉश इलाके तारामंडल क्षेत्र में गुुरुवार को 10 घंटे बिजली गुल होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सर्किट हाउस के पास टूटे हुए तार को सही करने के बाद दोपहर 12 बजे आपूर्ति बहाल हुई।
तारामंडल क्षेत्र में बुधवार रात करीब दो बजे बिजली गुल हो गई। सुबह आठ बज तक बिजली न आने से करीब 20 हजार लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। स्कूली बच्चे और ऑफिस जाने की तैयारी कर रहे लोग पानी को तरस गए। समय बीतने के साथ ही लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही थीं। जिन लोगों ने पानी पहले से ही स्टोर कर रखा था, दोपहर होते-होते वह भी खत्म होने लगा। परेशान लोगों ने बिजली कब तक आएगी, इसे जानने के लिए सब स्टेशन में फोन भी किया, मगर कोई ठोस जवाब नहीं मिला। बाद में करीब 12 बजे आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत महसूस की। एसडीओ चंद्रशेखर ने बताया कि सर्किट हाउस के पास तार टूट गया था। इस कारण आपूर्ति ठप हो गई थी।
बिजली चोरी में 32 पर केस
बिजली चोरी करने के आरोप में अलग-अलग थानों में 32 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। बकाया नहीं जमा करने पर बीते दिनों इन लोगों का कनेक्शन काट दिया गया था, मगर टीम के जाते ही कटिया डालकर बिजली का उपभोग करना शुरू कर दिया था। गुरुवार को टीम ने पुन: निरीक्षण किया तो बिजली चोरी कर रहे 32 लोग पकड़ मेें आ गए। नगरीय विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता डीके लाल ने बताया कि एफआईआर दर्ज करा दी गई है। अभियान आगे भी चलाया जाएगा।