फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

20 हजार का इनामी आकाश सिंह एक साथी के साथ गिरफ्तार, भाजपा नेता के घर फायरिंग-बमबाजी में है नामजद

Fri, 23 Nov 2018 01:10 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, प्रयागराज
विज्ञापन
ताराचंद हॉस्टल से पकड़े गए आकाश सिंह और भास्कर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के ताराचंद छात्रावास से बृहस्पतिवार को 20 हजार का इनामी आकाश सिंह गिरफ्तार कर लिया गया। वह एक दिन पहले सलोरी निवासी भाजपा नेता के घर फायरिंग-बमबाजी मामले में भी नामजद था। पुलिस ने छापेमारी के दौरान हॉस्टल के कमरों से कई बम, पिस्टल व बारूद भी बरामद किया है। साथ ही आकाश के एक साथी को भी गिरफ्तार किया है।  

विज्ञापन


पुलिस की ओर से इविवि छात्रसंघ चुनाव के दौरान जिन चार छात्र नेताओं पर इनाम घोषित किया गया था, उनमें आकाश सिंह भी शामिल था। उस पर कर्नलगंज थाने में करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। सितंबर में डायमंड जुबली हॉस्टल में आधी रात बमबाजी-फायरिंग मामले में अभिषेक सिंह माइकल के साथ वह भी नामजद था। बुधवार रात सलोरी में रहने वाले भाजपा नेता व पूर्व पार्षद राजू शुक्ला के घर फायरिंग-बमबाजी में भी उसका नाम आया, जिसके बाद उसके साथ ही पांच लोगों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामला सत्ता पक्ष से जुड़ा होने के कारण अफसर खुद इस मामले की मॉनिटरिंग करते रहे।

शाम को सटीक सूचना पर एसपी सिटी के नेतृत्व में ताराचंद छात्रावास में छापा मारकर पुलिस ने आकाश को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पिस्टल, दो मैगजीन व पांच कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद अन्य कमरों की तलाशी के दौरान पुलिस को 10 बम व ढाई किलो बारूद भी मिला। सूचना पर बम डिस्पोजल स्क्वॉड की टीम भी पहुंची और बमों को निष्क्रिय किया। तलाशी के दौरान ही पुलिस ने आकाश के साथ ही भाष्कर को भी गिरफ्तार किया। उस पर भी तीन मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों को थाने ले जाया गया जहां देर रात तक उनसे पूछताछ होती रही।
विज्ञापन


ताराचंद छात्रावास से 20 हजार के इनामी आकाश व उसके साथी भाष्कर को पकड़ा गया है। उसके पास से मुंगेर निर्मित पिस्टल, मैगजीन व कारतूस मिले हैं। कमरों की तलाशी के दौरान बम व बारूद भी बरामद हुआ है।
बृजेेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी

उधर बृहस्पतिवार को शहर में फायरिंग की दो और घटनाओं से सनसनी रही। पहली घटना हिंदू हॉस्टल चौराहे पर हुई जहां इविवि छात्रसंघ चुनाव के पूर्व प्रत्याशी व उसके साथियों पर हमला किया गया। इस दौरान दो गाड़ियों में तोड़फोड़ के साथ ही फायरिंग भी की गई। उधर शाम को लक्ष्मी टाकीज चौराहे पर सरेशाम कोचिंग में उस वक्त फायरिंग की गई जब भीतर क्लास चल रही थी।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें