मंझनपुर। सैनी कोतवाली क्षेत्र की सिराथू चौकी के सामने पखवारा भर पहले एक एजेंट से बदमाशों ने दस लाख रुपये लूट लिए थे। घटना की जांच कर रही पुलिस टीम के हाथ एक संदिग्ध लगा है। इस संदिग्ध से पूछताछ की गई तो कई अहम जानकारियां हासिल हुईं। संदिग्ध के कई साथियों की भी गतिविधि खंगाली जा रही है।
कूरा निवासी तस्कीम अहमद वेस्टर्न यूनियन मनी ट्रांसफर का एजेंट है। वह पखवारा भर पहले घर से दस लाख रुपया लेकर सिराथू में स्थित अपने आफिस जा रहा था। सिराथू चौकी के सामने बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा सटाकर एजेंट तस्कीम से दस लाख रुपये लूट लिए थे। घटना के बाद डीआईजी विजय यादव ने सिराथू चौकी प्रभारी संजय गुप्ता को सस्पेंड करते हुए जांच के लिए तीन टीमें गठित की थीं। पुलिस टीम लगातार बदमाशाें की खोजबीन कर रही थी।
सोमवार को पुलिस ने एक संदिग्ध को धर दबोचा। संदिग्ध से पूछताछ की गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को घटना के संबंध में अहम सूचनाएं हासिल हुई हैं। जिसकी तस्दीक की जा रही है। इसके अलावा संदिग्ध के साथियों की भी तलाश की जा रही है। सैनी कोतवाली इंस्पेक्टर समीर सिंह का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है, अभी कोई गिरफ्तार नहीं हुआ है।
लूटी गई रकम को बना है संशय
एजेंट तस्कीम के साथ कितने रुपये की लूट हुई है, इसको लेकर अभी भी संशय बना हुआ है। संदिग्ध से हुई पूछताछ के बाद पुलिस को पता चला है कि लूटी गई रकम कम थी, लेकिन एजेंट ने इसे बढ़ाचढ़ाकर दिखाया है। फिलहाल अभी स्थिति साफ नहीं हो सकी है।