लगातार जान जाने के बावजूद हर्ष फायरिंग की घटनाओं पर रोक लगा पाने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। बुधवार रात कौंधियारा थाना क्षेत्र के सोगऊ का पूरा गांव में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में एक और मासूम को गोली लग गई। कनपटी के नीचे गोली लगने के बाद उसे एसआरएन में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुर्ठ थी। खबर लिखे जाने तक कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
अमलेश पांडेय जमनिया (गाजीपुर) का रहने वाला है। उसका साला रामानुज कौंधियारा के सोगऊ का पूरा गांव में रहता है। अमलेश का बेटा मन्नी (8) बुधवार को किसी वीरू दुबे की बारात में वहां पहुंचा था। अभी शादी की रस्में चल रही थीं कि तभी किसी ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें एक गोली मन्नी के कनपटी में जा धंसी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। बच्चे को गोली लगने की घटना से शादी में आए लोगों में हड़कंप मच गया। आननफानन में बच्चे को पहले रामबाग स्थित निजी अस्पताल और फिर एसआरन अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। कौंधियारा एसओ संदीप तिवारी ने बताया कि फिलहाल परिवारवालों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि 27 अप्रैल को सोरांव के रंगपूरा गांव में सगाई समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान मासूम की मौत हो गई थी। प्रतापगढ़ के राजगढ़ निवासी सिपाही नवजीत की सगाई सोरांव के रंगपूरा गांव निवासी शिवानी से हो रही थी। इसमें शामिल होने के लिए प्रतापगढ़ के विश्वनाथगंज निवासी राहुल (24) पुत्र शिवशंकर, संदीप सरोज पुत्र हरीलाल (22) और राजेश कुमार परिवार समेत आए थे। दोपहर में सगाई का कार्यक्रम चल रहा था कि इसी दौरान हर्ष फायरिंग शुरू हो गई। छर्रे लगने से राहुल, संदीप और राजेश का तीन साल का बेटा अमन जख्मी हो गए। एसआरएन में इलाज के दौरान शाम करीब साढ़े पांच बजे अमन की सांसें थम गईं। मामले में तीन लोगों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।