सिरसा। एसआईटी ने डेरा प्रकरण मामले में एक ओर आरोपी उपद्रवी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान सरस्वती कॉलोनी निवासी जीत बजाज के रूप में हुई है। आरोपी को बुधवार दोपहर अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं,आईजी हिसार संजय सिंह ने भी बुधवार को डेरा प्रकरण को लेकर गठित एसआईटी की मीटिंग ली। उन्होंने एसआईटी अधिकारियों को निर्देश दिए कि हिंसा मामले में जो लोग भी शामिल रहे हैं उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। सिरसा एसआईटी हिंसा मामले में अभी तक 93 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। फरार चल रहे डेरा प्रबंधन कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. पीआर नैन व आदित्य इंसां की तलाश में एसआईटी लगातार छापामारी कर रही है। बता दें कि 25 अगस्त 2017 को पंचकूला सीबीआई अदालत ने साध्वी यौन शोषण मामले में डेरा मुखी गुरमीत राम रहीम को दोषी करार दिया था। फैसले के तुरंत बाद सिरसा में डेरा अनुयायी हिंसा पर उतारू हो गए। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में छह उपद्रवियों की मौत हो गई थी।