धूमनगंज थाना क्षेत्र में रिंकू भारतीय की हत्या से नाराज लोगों ने शनिवार को शव लेकर सड़क पर चक्काजाम किया और हत्यारोपी के घर पर जमकर तोड़फोड़ की। आक्रोशित लोग पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। विवेक उर्फ रिंकू भारतीय (20)के दोस्तों ने शुक्रवार की रात में पार्टी में दो पक्षों में हुए विवाद के बाद गोली मारकर हत्या कर दी थी। वो हलवाई का काम करता था। शनिवार को रिंकू का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम में साफ हुआ कि गोली कनपटी पर सटाकर मारी गई थी। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को अंतिम संस्कार केलिए परिजनों को सौंप दिया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर मुबारकपुर कोटवा गांव में रहने वाले हत्यारोपी दीपक पटेल के घर पहुंचे और तोड़फोड़ शुरू कर दी। हालांकि हत्यारोपी के घर पर कोई नहीं था। घटना के बाद से ही सभी फरार हैं। इसके बाद हत्या से नाराज लोग नीमसराय में जीटी रोड पर पहुंचे और शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया। नाराज लोग पीड़ित परिवार के लोगों को आर्थिक सहायता देने और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। मौकेपर पहुुंचे क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि हत्यारोपी के परिवार के सभी लोग घर छोड़ कर भागे हुए हैं। तोड़फोड़ की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। बताया कि हत्यारों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं।