अधिवक्ता लाल बचन सोनी हत्याकांड का खुलासा कर दिया गया। भाड़े के दो शूटरों ने दो लाख की सुपारी पर उनकी हत्या की थी। हत्याकांड की साजिश और सुपारी देने वाले मुख्य आरोपी सदाशिव उर्फ छोटे बच्चा समेत पांच को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके अलावा दोनों शूटरों समेत पांच अन्य को वांटेड किया गया है। उनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। फरार शूटरों पर 25-25 हजार का इनाम भी घोषित किया गया है। कौड़िहार नवाबगंज के रहने वाले अधिवक्ता लाल बचन की नवाबगंज हाईवे पर 25 जून को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में गद्दोपुर के सदाशिव यादव उर्फ छोटे बच्चा तथा अन्य को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि क्राइम ब्रांच और नवाबगंज पुलिस ने आज सदाशिव उर्फ छोटे बच्चा, उंचवागढ़ी के हरीशचंद्र गुप्ता, मुबारकपुर के दानिश, सदाशिव की पत्नी कंचन और अकबरपुर के रमेश पासी की पत्नी राधा देवी को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही अधिवक्ता को गोली मारने वाले शूटर रवि कनौजिया निवासी मुंडेरा और रजनीकांत पासी निवासी स्वराज नगर शिवकुटी को नामजद किया गया है। इन दोनों के अलावा रमेश पासी, रामनरेश यादव उर्फ नेता निवासी मूसेपुर और हाशिम बाबा निवासी गंगागंज को भी नामजद कर वांटेड किया गया है। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
एसएसपी के मुताबिक फाफामऊ में सदाशिव ने डेढ़ दो करोड़ की एक जमीन महज दस लाख में बैनामा करा लिया था। वकील लाल बचन दूसरे पक्ष से पैरवी कर रहे थे। लाल बचन ने चकबंदी न्यायालय और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की शिकायत की। इसके बाद बैनामा निरस्त कर दिया गया। इसके बाद उन्हें फरवरी में सदाशिव ने धमकी भी दी लेकिन, वकील लाल बचन ने पैरवी करनी नहीं छोड़ी तो सदाशिव ने उन्हें रास्ते से हटाने का निर्णय ले लिया। उसने अपने सहयोगियों राकेश पासी, राम नरेश, हाशिम बाबा, हरिश्चंद्र गुप्ता और दानिश के सहयोग से शूटरों रवि कनौजिया और रजनीश से संपर्क किया। दो लाख में बात तय हुई। एक लाख दोनों शूटरों को एडवांस दिए गए। रेकी के बाद 25 जून को शूटरों को मौका मिला उन्होंने वकील की हत्या कर दी। एसएसपी ने दोनों शूटरों पर 25-25 हजार का इनाम भी घोषित किया है।