फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आकाश ने की राजेश की हत्या

Mon, 23 Oct 2017 01:35 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
बसपा नेता राजेश यादव की हत्या के आरोप में प्रतापगढ़ जिले के अंतेश प्रताप सिंह उर्फ जग्गा और आशुतोष सिंह को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है। इन दोनों ने स्वीकार किया है कि हत्या उनके साथी सुल्तानपुर के आकाश ने की थी। वह और आधा दर्जन अन्य युवक साथ में थे और छात्र नेता अर्पित सिंह के चुनाव कार्यालय से लौट रहे थे। रात करीब सवा दो बजे ताराचंद हॉस्टल के पास फारच्यूनर गाड़ी से राजेश यादव और ड़ा. मुकुल सिंह के हॉस्टल की ओर आने के दौरान झड़प हुई। पहले राजेश की ओर से गोली चली, जवाब में आकाश ने गोली चलाईं। उनमें से एक गोली राजेश के  सीने में लगी थी। इस घटना के बाद वह भाग गए थे। अगले दिन फेसबुक और सोशल मीडिया के माध्यम से पता चला कि जिस फारच्यूनर गाड़ी में सवार दो लोगों से झगड़ा हुुआ था, उनमें से एक की मौत हो गई है।
विज्ञापन


यह जानकारी एसपी सिटी सिद्धार्थ मीना ने पुलिस लाइन में पत्रकारों से वार्ता के दौरान दी। वहां पर गिरफ्तार किए गए प्रतापगढ़ जिले के थाना जेठवारा के गांव सराय भूपति निवासी अंतेश प्रताप सिंह ‘जग्गा’ और थाना मंधाता के ढेमा निवासी आशुतोष सिंह को भी लाया गया। एसपी सिटी के सामने आरोपियों ने स्वीकार किया कि घटना अचानक हुई है। ताराचंद हॉस्टल के पास घटना स्थल वाली सड़क कम चौड़ी है। इस रोड पर राजेश यादव नशे में तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे, जिसकी वजह से वह और उसके साथ बाल-बाल बचे थे। उसी समय साथियों ने कुछ कहा तो गाड़ी का शीशा खोलकर राजेश ने गालियां दीं। उसी समय बात बढ़ गई और राजेश की ओर से पहले फायरिंग की गई। जवाब में आकाश ने फायर किए। दोनों ओर से करीब सात-आठ राउंड फायर हुए थे। आकाश की ओर से चलाई गई गोली में से एक गोली राजेश के सीने में लगी थी।

राजेश यादव की हत्या में नामजद आरोपी डा. मुकुल सिंह का नारको टेस्ट कराने के लिए अदालत में अर्जी लगाई गई है। अदालत से अनुमति मिलने के बाद मुकुल को नारको टेस्ट के लिए लखनऊ स्थित एसएफएल लेबोरेटरी ले जाया जाएगा। पिछले सप्ताह मुकुल ने अपने को निर्दोष बताया लेकिन पुलिस ने उनसे नारको टेस्ट के लिए कहा तो सहमति दे दी। उसी आधार पर डा. मुकुल का नारको टेस्ट कराने के लिए अदालत में आवेदन किया गया है।
विज्ञापन


एसपी सिटी ने बताया कि एसएफएल (साइंटिफिक फारेंसिक लेबोरेटरी) मर्डर सीन का रिकंस्ट्रकशन करेगी। इस बारे में एसएसपी की ओर से एसएफएल लखनऊ को लिखकर भेज दिया गया है। इस घटना के चश्मदीद डा. मुकुल को एक खरोंच तक न आने और विवेचना में ठीक से सहयोग न दिए जाने के  कारण पुलिस ने पूरे घटनाक्रम का सीन रिकंस्ट्रक्शन कराने का निर्णय लिया था।

राजेश की गोली मारकर हत्या के आरोपी आकाश की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। एसपी सिटी का कहना है कि आकाश के गिरफ्तार होने और उसका अन्य आरोपियों से आमना-सामना कराने पर ही पूरी तरह से इस हत्या का खुलासा हो सकेगा। आकाश को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की तीन टीमें फिर से संदिग्ध ठिकानों पर भेजी गईं हैं। पांच अन्य साथियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस मामले में छात्रसंघ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने वाले अर्पित सिंह से भी इन सभी आरोपियों के सामने पूछताछ की जाएगी।

दो व तीन अक्तूबर की रात करीब सवा दो बजे ताराचंद हॉस्टल के पास बसपा नेता राजेश यादव की गोली मारकर हत्याकर दी गई थी। गोली लगने पर उनके साथी डा. मुुकुल उन्हें इलाज के लिए राज नर्सिंग होम ले गए लेकिन उनकी जान नहीं बची। अगले दिन तीन अक्तूबर को राजेश की हत्या से गुस्साए बसपा समर्थकों ने जमकर हंगामा काटा, आगजनी और तोड़फोड़ की गई। बस में आग लगा दी गई थी। भदोही निवासी राजेश यादव बसपा की टिकट पर झानपुर सीट से 2017 में चुनाव लड़े थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें