एयरफोर्स स्टेशन बमरौली में ड्यूटी पर तैनात कारपोरल अभिषेक कौशिक की मंगलवार रात अचानक हालत बिगड़ी और अस्पताल में उसकी सांस थम गई। यहां मौजूद पत्नी से दुखद खबर पाकर गाजियाबाद से पिता समेत परिजन आ गए। पोस्टमार्टम में पता चला कि मौत का कारण दिल का दौरा रहा।
गाजियाबाद में बलदेव नगर गोविंदपुरी कॉलोनी निवासी बृजभूषण कौशिक के तीनों बेटों में मंझला अभिषेक (32) वायुसेना में कारपोरल (नायक) था। बमरौली चौकी प्रभारी अनिल कुमार के मुताबिक, वह टेकनीशियन का काम देखता था। साल भर पहले उसका तबादला कोयम्बटूर से एयरफोर्स स्टेशन बमरौली किया गया था। अभिषेक के परिवार में पत्नी पूजा, एक बेटा और एक बेटी है। वे भी यहीं बमरौली में वायुसेना के आवासीय परिसर में साथ थे। मंगलवार रात करीब आठ बजे अभिषेक ड्यूटी पर था तभी उसकी हालत एकाएक बिगड़ी। उसे वायुसेना के अस्पताल में ले जाया गया जहां उसकी सांस थम गई। अभिषेक के परिवार के साथ ही एयरफोर्स के अफसर और कर्मचारी भी शोक में डूब गए। धूमनगंज थाने में सूचना दी गई तो पुलिस ने शव को सीलकर चीरघर भेजा। खबर पाकर गाजियाबाद से पिता बृजभूषण समेत कई अन्य रिश्तेदार आ गए। अभिषेक की आकस्मिक मौत ने परिजनों को गहरा सदमा दिया। दो मासूम बच्चों के साथ पत्नी रोती-बिलखती रही। दोपहर में पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने राय दी कि अभिषेक की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई।