नैनी(ब्यूरो)। कोतवाली क्षेत्र के एडीए कालोनी में सात बच्चों की मां बीसी के लाखों की रकम लेकर नाबालिग किशोर संग फरार हो गई। बीसी डालने वाले अब उसके पति पर रकम लौटाने का दबाव बना रहे हैं । जिनसे बचने के लिए उसके पति ने एडीए चौकी में तहरीर देकर जान माल के सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस के मुताबिक उक्त महिला की सात पुत्रियां हैं जिनमें चार की शादी हो चुकी है। उनके भी बच्चे है। नातियों वाली महिला के पास फतेहपुर का एक लड़का आता-जाता रहा। जो उसे मम्मी कहकर बुलाता रहा।
महिला उसके संग ही बीसी चलाती रही। दोनों का रिश्ता पड़ोसियों के लिए चर्चा का विषय बना हुआ था। इसबीच बीसी का करीब चार लाख रुपया लेकर उक्त महिला नाबालिग लड़के के साथ बुधवार को गायब हो गई। बीसी डालने वाले अब उसके पति को रकम लौटाने का दबाव बनाते हुए घेरे हैं। चौकी प्रभारी का कहना है कि महिला और लड़के की तलाश जारी है। महिला के पास दो सिम वाला महंगा एनड्रायड मोबाइल है जिसके दोनों नंबर सर्विलांस पर लगा दिए गए हैं। जबकि उसके पति का कहना है कि उसकी बीवी मोबाइल चलाना नहीं जानती।