चार घंटे चला छात्राओं के अपहरण का ड्रामा
धूमनगंज के साथ ही कई अन्य थानों की फोर्स रही हलाकान
चौफटका स्थित स्कूल से हुई थीं गायब, जंक्शन पर मिलीं
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। धूमनगंज के चौफटका स्थित स्कूल के बाहर से दो छात्राओं के अपहरण की सूचना ने चार घंटे तक पुलिस को हलाकान किए रखा। एक छात्रा ने फोन कर घर में सूचना दी कि कुछ लोग उन्हें जबरदस्ती साथ ले जा रहे हैं। इसके बाद दोनों गायब हो गईं। सूचना पर धूमनगंज के साथ ही आसपास के थानों की फोर्स भी उनकी खोज में जुट गई। शाम को दोनों छात्राएं जंक्शन पर मिलीं।
नवाब यूसुफ रोड व धूमनगंज के आवास विकास कॉलोनी में रहने वालीं दो छात्राएं चौफटका स्थित एक स्कूल में आठवीं में पढ़ती हैं। शुक्रवार दोपहर ढाई बजे करीब छुट्टी होने के बाद दोनों स्कूल से निकलीं। कुछ देर बाद एक छात्रा ने घर में अनजान नंबर से फोन कर बताया कि भाई को मारने की धमकी देकर कुछ लोग उसे जबरदस्ती अपने साथ ले जा रहे हैं। इसके बाद फोन कट गया। घबराए घरवालों ने सूचना दी तो धूमनगंज थाने की पुलिस के होश उड़ा गए। पुलिस ने उस नंबर पर कॉल किया तो पता चला कि यह स्कूल के पास ही मोमोज बेचने वाले दुकानदार का है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि दो छात्राएं उसकी दुकान पर आई थीं। उनमें से एक ने घर पर एक कॉल करने के लिए फोन मांगा तो उसने दे दिया। कुछ देर बाद फोन वापस कर दोनों छात्राएं रेलवे लाइन होते हुए चकिया की ओर चली गईं। छात्राओं के अपहरण की सूचना पर सिविल लाइंस, शाहगंज, खुल्दाबाद थाने की फोर्स को भी अलर्ट किया गया। शाम करीब 6.30 बजे दोनों छात्राएं जंक्शन पर मिलीं। शाहगंज पुलिस ने दोनों को धूमनगंज थाने पहुंचा दिया। खबर लिखे जाने तक पुलिस उनसे पूछताछ में जुटी रही।
दिल्ली जा रही थीं दोनों
पुलिस ने बताया कि दोनों छात्राएं जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर मिलीं। वह दिल्ली जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रही थीं। महिला पुलिसकर्मियों ने पूछताछ की तो उनके पास दिल्ली जाने का टिकट भी मिला। दोनों दिल्ली किसलिए और किससे मिलने जा रही थीं, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया।