चोरी की चार बाइकों संग दो गिरफ्तार
कोरांव पुलिस ने पकड़ा, भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। कोरांव पुलिस ने चोरी की चार बाइकों के साथ दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने शहर में विभिन्न स्थानों के साथ ही मिर्जापुर में भी बाइकचोरी की वारदात में शामिल होने की बात कबूल की है।
एसपी यमुनापार दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि कोरांव पुलिस ने मंगलवार को सटीक सूचना पर कस्बा स्थित पटेल विद्यालय के सामने घेराबंदी कर दो लोगों को पकड़ा। इनके पास से दो बाइकें बरामद हुईं। कागजात मांगने पर यह हड़बड़ा गए। सख्ती से पूछने पर कबूल किया कि बाइकें चोरी की हैं। आरोपियों ने अपना नाम दीपक पटेल पुत्र राजेश सिंह निवासी ग्राम बसहा और अमरजीत पटेल पुत्र शीतला प्रसाद निवासी सैम्हा थाना कोरांव बताया। उन्होंने यह भी बताया है कि शहर में विभिन्न स्थानों के साथ ही वह मिर्जापुर जनपद में भी बाइक चोरी की घटना को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस ने बताया कि उन्हें जेल भेज दिया गया है।