चोरों ने तोड़े ठेके के ताले, पीसीआर का हॉर्न सुन भागे
ठेके के अंदर ही सो रहा था काम करने वाला युवक
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। डुगरी के विशाल नगर इलाके में शराब के ठेके को चोर गिरोह के सदस्यों ने निशाना बनाया। चोर गिरोह के सदस्यों ने जैसे ही शटर का ताला तोड़ा गश्त करते हुए पीसीआर मुलाजिम वहां पहुंच गए। पुलिस की बाइक का सायरन सुन आरोपी वहां से फरार हो गए। आरोपियों को भागते देख पुलिस मुलाजिमों ने ठेके का शटर उठवाया तो अंदर उनका कारिंदा सो रहा था। पुलिस ने उससे बात की और वहां से चले गए। थाना डुगरी की पुलिस ने ठेके पर काम करने वाले गुरदीप सिंह की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
विशाल नगर में एनके ग्रुप का ठेका है। यहां पर जगरांव निवासी गुरदीप सिंह काम करता है और वहीं अंदर रहता है। 22 तारीख की रात को गुरदीप ठेका बंद कर अंदर सो गया। सुबह करीब 5 बजे उसको शटर के बाहर कुछ लोगों की आवाज सुनाई दी लेकिन वह सोया रहा। मामले की जांच कर रहे थाना डुगरी के जगतार सिंह ने बताया कि सुबह करीब 5:30 बजे पीसीआर दस्ता नंबर-48 के मुलाजिम विशाल नगर में गश्त कर रहे थे। इस दौरान वह अपने मोटरसाइकिल का सायरन भी बजा रहे थे। जब वह उस ठेके से कुछ दूरी पर थे तो ठेके के बाहर खड़े चार-पांच लोग अपनी कार को तेज रफ्तार से लेकर वहां से भागे। जब उन्होंने गुरदीप सिंह को जगाकर बात की तो पता चला कि वह ठेके पर चोरी करने की फिराक में थे। चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उनकी पहचान के लिए जांच की जा रही है।