लंदन घुमाने के नाम पर हड़प लिए 11.38 लाख
गुड़गांव की कंपनी के एमडी, निदेशक के खिलाफ मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
12 दिन तक लंदन की सैर कराने और वहां मैच को दिखाने के नाम पर करीब 11 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए गुड़गांव की एक कंपनी के एमडी सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बैरहना तालाब नवल राय जी रोड निवासी अंशुमान सिंह की लायर्स कब्ज ट्रिप एजेंसी है। उन्होंने गुड़गांव की फ्रूट ट्रिप कंपनी के माध्यम से कुछ लोगों को चार से 16 जून तक लंदन की ट्रिप और वहां हो रहा मैच दिखाने का अनुबंध किया था। इसके एवज में बिना साइन का चेक दिया गया था, लेकिन कंपनी ने अनुबंध के तहत लोगों को लंदन का ट्रिप नहीं कराया और उस ब्लैंक चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर 11.38 लाख रुपये निकाल लिए।
जिसक ी स्थानीय स्तर पर रिपोर्ट दर्ज करानी चाही लेकिन थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। बाद में अदालत के आदेश पर कंपनी के एमडी, निदेशक शिवाचंद्र उर्फ सिरवा अरोरा, तरुण अरोरा, एजेंट चंद्र किशोर उर्फ विक्रम तथा लेखाकार रोहन चोपड़ा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
घरेलू झगड़े में महिला के कपड़े फाड़े
इलाहाबाद। राजापुर में घरेलू विवाद में महिला की जमकर पिटाई करने, कपड़े फाड़ने, गाली गलौच और जान से मारने की धमकी में थाना कैंट में राजकुमार पटेल, रवि पटेल और रंजीत धोबी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
नशीला पदार्थ पिलाकर बैग और 1300 रुपये लूटे
इलाहाबाद। प्रतापगढ़ जिले के मझिलहा निवासी अभय प्रताप यादव को पानी की बोतल में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया और बैग तथा 1300 रुपये लूट लिए गए। करछना के पसियाही निवासी भगवानदास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। पुलिस ने मौके से भगवान दास को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 56 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया है।