बिशप के खिलाफ व्हाट्सएप पर मैसेज, एफआईआर
सामाजिक और व्यक्तिगत छवि धूमिल करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। बिशप पीटर बलदेव के व्हाट्सएप पर किसी ने उनकी सामाजिक और व्यक्तिगत छवि धूमिल करने वाले मैसेज भेजे। उसमें बिशप समेत चर्च के तमाम पदाधिकारियों पर आरोप लगाए गए थे। बिशप ने मैसेज भेजने वाले के खिलाफ कर्नलगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
बिशप पीटर बलदेव का आरोप है कि 24 फरवरी को एक नंबर से उन्हें मैसेज आया। बिशप का कहना है कि उनके साथ चर्च और डायोसिस के तमाम पदाधिकारियों पर अनर्गल आरोप लगाए गए हैं। हालैंड हाल छात्रावास को लेकर तमाम फर्जी घोटालों की बात फैलाई जा रही है। इस मामले की जांच हो रही है। मुकदमा उन लोगों ने किया जो न कमेटी के मेंबर हैं और न ही उनका चर्च से कोई लेना देना है। वही लोग लगातार अफवाह फैला रहा है। उन्होंने इसी कारण से कर्नलगंज में एफआईआर दर्ज कराई है कि पुलिस उन नंबरों को ट्रेस करे और एफआईआर दर्ज करे जो लगातार चर्च के पदाधिकारियों के खिलाफ अफवाह उड़ा रहे हैं। प्रभारी इंस्पेक्टर कर्नलगंज ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले को क्राइम ब्रांच को सौंपा जा रहा है।