बालू कारोबारी की हत्या में ताबड़तोड़ दबिश
पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
तारापुर गांव में चार अप्रैल की रात गोली मारकर हुई थी हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
धूमनगंज के तारापुर गांव में रहने वाले बालू कारोबारी के हत्यारोपियों की तलाश में पुलिस ने शनिवार रात ताबड़तोड़ दबिश दी। इस दौरान तीन युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। धूमनगंज पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
धूमनगंज के तारापुर में रहने वाले रामबाबू राजभारतीय बालू का कारोबार करता था। चार अप्रैल की रात उस वक्त उसे मौत के घाट उतार दिया गया था जब वह घर के बरामदे में सो रहा था। सिर में सटाकर गोली मारने के बाद दो बदमाश मौके से भाग निकले थे। मृतक की पत्नी रीता ने पुलिस को बताया था कि उसने भागते वक्त दोनों बदमाशों को देखा है। हालांकि वह उनके नाम नहीं जानती। बताया कि दो मई को दोनों युवकों का उसके पति से विवाद हुआ था। इस दौरान दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। धूमनगंज पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। शुक्रवार रात आरोपियों की तलाश में असरावल खुर्द समेत अन्य कई गांव में ताबड़तोड़ दबिश दी गई। पुलिस ने बताया कि असरावल खुर्द कौशाम्बी के पिपरी थाना अंतर्गत है। तारापुर गांव उससे सटा हुआ है जो धूमनगंज थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित है। पुलिस सूत्रों की मानें तो दबिश के दौरान असरावल खुर्द से दो जबकि लखनपुर गांव से एक युवक को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पता चला है कि दोनों कई बार हत्यारोपियों के साथ देखे जा चुके हैं। धूमनगंज इंस्पेक्टर केपी सिंह ने बताया कि हत्यारोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।