इविवि का 23 सितंबर को स्थापना दिवस भी है और उसी दिन दीक्षांत समारोह भी प्रस्तावित था, ताकि दोनों कार्यक्रमों को एक ही दिन भव्यता के साथ आयोजित किया जा सके।
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के कार्यक्रम में अचानक बढ़ी व्यस्तता के कारण इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) का 23 सितंबर को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह स्थगित कर दिया गया है। कार्यक्रम के आयोजन के लिए नई तिथि जल्द ही जारी की जाएगी। हालांकि कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। राज्यपाल से समय मिलने के बाद इविवि प्रशासन दीक्षांत समारोह के आयोजन की नई तिथि जारी करेगा।
विज्ञापन
इविवि का 23 सितंबर को स्थापना दिवस भी है और उसी दिन दीक्षांत समारोह भी प्रस्तावित था, ताकि दोनों कार्यक्रमों को एक ही दिन भव्यता के साथ आयोजित किया जा सके। दीक्षांत समारोह में मेडल पाने वाले मेधावियों और पीएचडी की डिग्री हासिल करने वाले शोधार्थियों की लिस्ट भी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी की चुकी है। साथ ही शिक्षकों के लिए ‘द्रोणाचार्य’ और सर्वश्रेष्ठ रिसर्चर के लिए ‘मेघनाद साहा’ पुरस्कार से संबंधित आवेदन आवेदन की प्रक्रिया छह सितंबर को पूरी हो चुकी है। समारोह में गीतकार गुलजार को डीलिट् की मानद उपाधि भी प्रदान की जानी है।
23 को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए गुलजार समेत राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, यूजीसी के चेयरमैन प्रो. डीपी सिंह और कुलाधिपति आशीष चौहान अपनी सहमति भी दे चुके थे, लेकिन बृहस्पतिवार को अचानक समारोह स्थगित करने का निर्णय ले लिया गया। इविवि की पीआरओ डॉ. जया कपूर ने बताया कि समारोह की मुख्य अतिथि राज्यपाल की अत्यावश्यक व्यस्तता के कारण 23 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित किया गया है। नई तिथि की घोषणा जल्द ही की जाएगी।