फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिपाही भर्ती परीक्षा : दो सॉल्वर गिरोह का भंडाफोड़, चार अभ्यर्थी समेत 17 गिरफ्तार, ब्लूटूथ, सिमकार्ड बरामद

Sat, 17 Feb 2024 12:33 PM IST
विनोद सिंह अमर उजला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

झूंसी में एक परीक्षा केंद्र के पास से पुलिस ने चार अभ्यर्थियों समेत सॉल्वर गैंग के 17 सदस्यों को दबोच लिया है। यह लोग सिपाही भर्ती परीक्षा में धांधली करने की तैयारी कर रहे थे। इनके पास से ब्लूटूथ डिवाइस, सिम कनेक्टर आदि बरामद हुए हैं। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन
सिपाही भर्ती परीक्षा में पकड़े गए सॉल्वर गैंग के सदस्य। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सिपाही भर्ती परीक्षा में सेंध लगाने की कोशिश में जुटे दो सॉल्वर गिरोह के 15 सदस्यों समेत कुल 17 लोग शनिवार को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किए गए। झूंसी में ब्लूटूथ डिवाइस व वॉइस रिसीवर के जरिये नकल कराने की तैयारी में जुटे गिरोह के पांच सदस्यों व चार अभ्यर्थियों समेत नौ को पकड़ा गया। वहीं कैंट में छह लोग गिरफ्तार हुए जो पेपर आउट कराकर नकल कराने वाले थे। उधर कर्नलगंज व फाफामऊ में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते दो सॉल्वर गिरफ्तार हुए।

विज्ञापन


झूंसी: 16 प्रवेश पत्र में चार जाली, 80 हजार नकद व दो कारें भी मिलीं

प्रयागराज। झूंसी में सभी आरोपियों को सोमवार रात त्रिवेणीपुरम मैदान से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि उसे सॉल्वर गिरोह के सदस्यों के जुटने की सूचना मिली थी। वहां पहुंचकर नौ लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें से चार के पास से चार ब्लूटूथ डिवाइस और चार वॉइस रिसीवर मिले। थाने लाकर सख्ती से पूछताछ की गई तो पता चला कि इनमें से पांच सॉल्वर गिरोह के सदस्य और चार अभ्यर्थी हैं।

गिरोह के सदस्यों ने ही अभ्यर्थियों को डिवाइस व रिसीवर उपलब्ध कराए थे। इसके बाद मुकदमा दर्जकर झूंसी पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के कब्जे से कुल 16 प्रवेश पत्र भी मिले हैं। इनमें से चार जाली हैं। इन्हें सॉफ्टवेयर की मदद से तैयार किया गया था। जिसमें नाम मूल अभ्यर्थी, जबकि फोटो किसी और की थी।

विज्ञापन

अभ्यर्थी मुचलके पर छोड़े गए

पुलिस की ओर से उन चार अभ्यर्थियों का नाम नहीं बताए गए, जिन्हें सॉल्वर गिरोह के सदस्यों के साथ गिरफ्तार किया गया। इसकी वजह पूछने पर पुलिस अफसराें ने बताया कि कुछ इनपुट मिले हैं, जिनके संबंध में और भी जानकारी जुटाई जानी है। इसलिए अभ्यर्थियों का नाम गोपनीय रखा गया है। सूत्रों का कहना है कि चारों बहरिया, होलागढ़ व सोरांव के रहने वाले हैं। देर शाम उन्हें मुचलके पर छोड़ दिया गया।

साॅल्वर गिरोह के गिरफ्तार सदस्य

1.विजयकांत पटेल पुत्र इंद्रजीत निवासी अतनपुर थाना बहरिया जनपद प्रयागराज, उम्र करीब 32 वर्ष ।
2.विकाश कुमार पुत्र शारदा प्रसाद निवासी कपसा थाना बहरिया जनपद प्रयागराज, उम्र करीब 23 वर्ष।
3.निगम पटेल पुत्र छेदी लाल निवासी बडी जमुई थाना सोरांव जनपद प्रयागराज, उम्र करीब 25 वर्ष।
4.विजय बहादुर यादव पुत्र तुलसी राम निवासी कपसा जोगापुर थाना बहरिया जनपद प्रयागराज, उम्र करीब 35 वर्ष ।
5.मनीष पटेल पुत्र कृपा शंकर निवासी ढेलहा कठरौली थाना फूलपुर जनपद प्रयागराज, उम्र करीब 21 वर्ष ।

तीन सदस्य पहले भी कर चुके हैं सेंधमारी

पुलिस का दावा है कि इस गिरोह का सरगना विजयकांत पटेल है। वह और उसके दो अन्य साथी विकास व मनीष पटेल पूर्व में भी विभिन्न परीक्षाओं में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिये सेंध लगा चुके हैं। इनके खिलाफ अलग-अलग जनपदों में अभियोग पंजीकृत हैं। इनमें विकास कानपुर में परीक्षा अधिनियम समेत अन्य आरोपों में दर्ज मामले में वांछित भी चल रहा था।
विज्ञापन

जिले के 126 केंद्रों पर हो रही है परीक्षा

सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए जनपद में कुल 126 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें प्रत्येक 24 अभ्यर्थियों पर एक सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की गई है। इन कैमरों के फुटेज की लाइव निगरानी की व्यवस्था की गई है। पुलिस लाइन स्थित कमांड सेंटर में ही इसके लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। कंट्रोल रूम का प्रभारी इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी को बनाया गया है।

परीक्षा केंद्रों पर लगे कैमरों को सीधे कंट्रोल रूम से कनेक्ट किया गया है। इसमें एक बड़ी स्क्रीन भी लगाई गई है। स्क्रीन पर हर परीक्षा केंद्र पर लगे कैमरों के फुटेज को लाइव देखने का इंतजाम किया गया है। कंट्रोल रूम में बैठकर अफसर एक साथ 16 कैमरों के फुटेज को इस स्क्रीन पर देख सकते हैं। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर किसी एक केंद्र पर लगे एक कैमरे के जरिए परीक्षा कक्ष में हो रही गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। जिले में लगभग 69 हजार परीक्षार्थी हिस्सा ले रहे हैं। इसके लिए 44 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 174 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ ही तीन उड़नदस्ते भी लगाए गए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें