रेलवे स्टेशन पर वाणिज्य कर विभाग ने जब्त किया 300 से ज्यादा नग
0 प्रयागराज जंक्शन पर विभाग के सचल दस्ते की टीम ने मारा छापा
0 हमसफर एक्सप्रेस से आया था माल, प्रपत्र न होने पर किया गया जब्त
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद वाणिज्य कर विभाग की टीम एक बार फिर से एक्शन में आ गई है। विभाग के सचल दस्ते ने सोमवार को प्रयागराज जंक्शन पर सुबह छापा मारा। यहां दिल्ली से आई हमसफर एक्सप्रेस से उतारे गए तमाम नग विभागीय टीम ने आवश्यक प्रपत्र न होने की वजह से जब्त कर लिए। जब्त किए गए नगों की संख्या 300 से ज्यादा बताई जा रही है। विभाग द्वारा अब उसकी वास्तविक लागत का मूल्यांकन किया जाएगा। ताकि जुर्माने की राशि का निर्धारण किया जा सके।
विभागीय टीम को खबर मिली थी कि प्रयागराज जंक्शन आने वाली तमाम ट्रेनों से दिल्ली आदि शहरों से बिना प्रपत्र काफी माल आ रहा है। गोपनीय सूचना के आधार वाणिज्य कर विभाग के एडिशनल कमिश्नर ग्रेड टू एके सिंह के निर्देशन सचल दस्ते की टीम सोमवार की सुबह जंक्शन पहुंची। प्लेटफार्म नंबर छह पर हमसफर एक्सप्रेस के आने के बाद उसमें से काफी माल लोगों ने उतारा। इस बीच टीम ने वहां कार्रवाई शुरू कर दी। यह देखते हुए तमाम लोग वहां से भाग खड़े हुए। यहां विभागीय टीम ने काफी नग अपने कब्जे में ले लिए। इस दौरान जब्त किए नग के जिन लोगों ने आवश्यक प्रपत्र दिखाए उसे छोड़ दिया गया। शेष नग टीम द्वारा जब्त कर लिया गया। दोपहर तीन बजे तक टीम जंक्शन पर ही रही। इस दौरान जब्त किए गए 300 से ज्यादा नग वाणिज्य कर कार्यालय में लाए गए। ग्रेड टू एके सिंह ने बताया कि जब्त किए नग की कॉस्ट वेल्यू तय होगी। उसे संबंधित पार्टी के सामने ही खोला जाएगा। उसके बाद ही जुर्माने की राशि का निर्धारण होगा। जुर्माना लेने के बाद ही माल छोड़ा जाएगा। कार्रवाई में शामिल सचल दल प्रथम इकाई के एसी गिरीश चंद्र सिंह ने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अधिकांश नग में इलेक्ट्रानिक्स गुड्स ही है। कार्रवाई के दौरान डीसी मुकेश सिंह, हेमंत गौतम, रामनरेश वर्मा, अभय सिंह आदि मौजूद रहे।