prayagraj news : पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : prayagraj
कोरोना संक्रमण के बाद तबीयत खराब होने से पश्चिमी बंगाल के पूर्व राज्यपाल एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता केशरी नाथ त्रिपाठी शुक्रवार को पीजीआई लखनऊ शिफ्ट कर दिए गए। पीजीआई में भर्ती होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाम को केशरी नाथ त्रिपाठी के पुत्र नीरज त्रिपाठी से फोन पर वार्ता कर उनका हालचाल लिया। इस दौरान सीएम ने हर संभव मदद का भरोसा दिया।
दरअसल दो दिन पहले ही पूर्व राज्यपाल की कोरोना संक्रमण की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद से वह होम आइसोलेशन में थे। शुक्रवार सुबह उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई। इसके बाद पुत्र नीरज और बहु कविता उन्हें स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले गए। वहां पूर्व राज्यपाल को कोरोना वार्ड में शिफ्ट किया गया। भाजपा नेता शिवेंद्र मिश्र और बब्बूराम द्विवेदी ने बताया कि चिकित्सकों द्वारा की गई जांच के बाद उन्हें लखनऊ रेफर करने का निर्णय लिया गया।
दिन में 12.30 बजे से पहले ही केशरी नाथ त्रिपाठी को एंबुलेंस द्वारा पीजीआई भेज दिया गया। शाम चार बजे तक पूर्व राज्यपाल को पीजीआई में भर्ती करवा दिया गया था। प्रयागराज से उनके साथ पुत्र नीरज त्रिपाठी और पुत्रवधु कविता त्रिपाठी भी लखनऊ गए। कविता ने बताया कि लखनऊ पहुंचने के पहले ही सीएम द्वारा पीजीआई में पूर्व राज्यपाल के उपचार का निर्देश दे दिया गया था। सीएम ने इस दौरान नीरज त्रिपाठी से फोन पर भी बातचीत की। इस दौरान सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी, सांसद केशरी देवी पटेल ने भी फोन कर केशरी नाथ त्रिपाठी का हालचाल लिया।
पुत्रवुध एवं भाजपा नेता कविता ने बताया कि उनकी तबीयत पहले के मुकाबले कुछ ठीक है। बता दें कि केशरीनाथ त्रिपाठी, बुधवार को एनसीजेडसीसी में इटावा हिंदी सेवा निधि के वार्षिक अधिवेशन में शामिल हुए थे। बाद में उन्हें अपनी तबीयत कुछ गड़बड़ दिखी। जांच कराने पर उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों ने भी अपनी जांच करवाई। राहत की बात यह रही कि बाकी सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई।