रविवार को बंदी के बावजूद सिटी बसें और आटो-टैक्सी, ई-रिक्शा तथा अन्य वाहन चलेंगे। बीएड प्रवेश परीक्षा के अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखकर होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई एवं फलों की दुकानें, जनरल स्टोर्स भी खोले जाने की अनुमति दी गई है। सभी दुकानें सुबह छह से रात बजे तक खुलेंगी। एडीएम सिटी की ओर से इस आशय का आदेश देर को जारी किया गया। परीक्षा पर निगरानी रखने के लिए 37 मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती की गई है।
बीएड प्रवेश परीक्षा दो पालियों में 74 केंद्रों पर सुबह नौ से 12 और दिन में दो से पांच बजे के बीच होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा स्थल तक पहुंचने में परेशानी न होने पाए इसके लिए वाहन चलाने की छूट दी गई है। इसी के साथ खाने-पीने की वस्तुओं की दुकानें भी खुली रहेंगी। डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि चूंकि दिन भर परीक्षा है इसलिए सुबह से रात तक छूट रहेगी। इस दौरान दुकानदारों तथा वाहन चालकों को कोविड-19 के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना होगा। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने बताया कि परीक्षा में सुरक्षा के मद्देनजर भी जरूरी कदम उठाए गए हैं। हर दो सेंटर पर एक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। नकल विहीन परीक्षा के अलावा कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए भी समुचित कदम उठाए गए हैं। शनिवार को हुई बैठक में मजिस्ट्रेट के अलावा परीक्षा से जुड़े अन्य लोगों को आवश्यक निर्देश दिए गए। डीएम ने बताया कि सभी केंद्रों का सैनिटाइज कराया गया है। हर पाली की परीक्षा के बाद सैनिटाइजेशन का निर्देश दिया गया है। अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। उसी के अनुसार अभ्यर्थियों के बैठने की भी व्यवस्था की गई है।