दूल्हे का चचेरा भाई था, शादी में खुशियों की जगह पसरा मातम
रानीगंज थाना क्षेत्र के पचरास गांव में प्रयागराज से आई थी बरात
विज्ञापन
रानीगंज। बरात में डांस करते समय दूल्हे का भाई आयुष गुप्ता (12) पुत्र सुनील गुप्ता जनरेटर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना के बाद शादी वाले घर में मातम पसर गया। बराती शव लेकर घर लौट गए। किसी तरह शादी की रस्म पूरी कराई जा सकी।
रानीगंज थाना क्षेत्र के पचरास निवासी भोरई गुप्ता की बेटी की सोमवार को शादी थी। प्रयागराज के मेजा थाने के डिगाही गांव से बरात आई थी। रात करीब 11 बजे द्वारपूजा की रस्म पूरी की जा रही थी। बरात में आए युवक डीजे पर डांस कर रहे थे। दूल्हे का चचेरा भाई आयुष भी नाच रहा था। डांस करने के दौरान अचानक आयुष जनरेटर की चपेट में आ गया। जनरेटर के पंखे में उसका हाथ फंस गया। यह देख जब तक लोग जनरेटर बंद करते तब तक आयुष गंभीर रूप से घायल हो चुका था।
घायल आयुष को लेकर परिजन सीएचसी रानीगंज पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय रास्ते में ही आयुष ने दम तोड़ दिया। परिजन व बराती रोते-बिलखते शव लेकर घर चले गए। चचेरे भाई की मौत की खबर मिलने पर दूल्हा भी बदहवास हो गया। वैवाहिक कार्यक्रम रोक दिए गए। हालांकि बाद में लोगों के समझाने पर शादी की रस्में पूरी कराई गईं।