एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष शाह आलम समेत पांच लोगों के खिलाफ करेली पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। 25 सितंबर को मजीदिया कॉलेज में आयोजित एआईएमआईम की रैली में कोविड नियमों व धारा 144 के उल्लंघन के आरोप में इन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
25 सितंबर को मजीदिया इस्लामिया कॉलेज में एआईएमआईएम की रैली आयोजित की गई थी। इसमें पार्टी के चीफ असदउद्दीन ओवैसी भी शामिल हुए थे। पुलिस का कहना है कि इस रैली के आयोजन के संबंध में अनुमति के लिए जो शपथपत्र मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया थाए उसके मुताबिक रैली में 100 लोगों को ही शामिल होना था।
साथ ही कोविड नियमों जैसे मास्क पहनने आदि भी जरूरी किया गया था। लेकिन सभा में हजारों लोग शामिल हुए। जिन्होंने कोविड नियमों का उल्लंघन किया। साथ ही आयोजकों ने भी कोविड नियमों का पालन नहीं किया। इस मामले में करेली पुलिस की ओर से जिलाध्यक्ष शाह आलम को नामजद करते हुए चार अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। एसओ अनुराम शर्मा ने बताया कि चार्जशीट उच्चाधिकारियों के माध्यम से कोर्ट में प्रेषित कर दिया गया है।